14 March 2026 कोरबा: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा चलाए जा रहे संगठन सृजन अभियान की समीक्षा के बाद संगठनात्मक पूर्णता और मजबूती के उद्देश्य से कोरबा में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। टीपी नगर स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित इस बैठक में एआईसीसी सचिव एवं प्रदेश सह प्रभारी सूश्री जरिता लैतफ्लांग ने ब्लॉक, मंडल, वार्ड और बूथ स्तर तक संगठनात्मक ढांचे को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक को संबोधित करते हुए सूश्री जरिता लैतफ्लांग ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए ब्लॉक, मंडल, वार्ड और बूथ कमेटियों का गठन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए उन्हें बूथ स्तर तक सक्रिय रूप से कार्य करना होगा। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि विधायक, पूर्व विधायक, प्रदेश, जिला, ब्लॉक, मंडल और वार्ड स्तर के प्रमुख पदाधिकारियों के निवासरत बूथों में बीएलए की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि बूथ कमेटियों का गठन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से होना चाहिए, कहीं ऐसा न हो कि बूथ कमेटी के स्थान पर “भूत कमेटी” बन जाए।

पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि कोरबा विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान में चार ब्लॉक कमेटियां गठित हैं। इनमें दर्री–जमनीपाली में 14 वार्ड और 60 बूथ, बालको में 10 वार्ड और 45 बूथ, कुसमुण्डा में 6 वार्ड और 20 बूथ तथा कोरबा में 37 वार्ड और 174 बूथ शामिल हैं। उन्होंने कोरबा ब्लॉक कमेटी को दो भागों में विभाजित कर एक नया ब्लॉक जोड़ते हुए कुल पांच ब्लॉक कमेटियां बनाने का प्रस्ताव रखा, जिसे बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से पारित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा से जुड़े कई ऐसे लोग हैं जो पार्टी के लिए प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं, लेकिन उन्हें अवसर नहीं मिला। ऐसे कार्यकर्ताओं को आगे लाने की जरूरत है।
कोरबा कांग्रेस प्रभारी विजय केशरवानी ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान केंद्रों (बूथ) की संख्या बढ़कर 27,196 हो गई है। कोरबा विधानसभा में भी 55 नए मतदान केंद्र जुड़े हैं, जिससे कुल संख्या 244 से बढ़कर 299 हो गई है। उन्होंने कहा कि इन सभी बूथों पर सक्रिय कार्यकर्ताओं को उनके निवासरत बूथ में बीएलए के रूप में नियुक्त किया जाएगा और प्रत्येक बूथ पर कम से कम दो सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जाएगी।

उन्होंने जिलाध्यक्ष को निर्देशित किया कि शीघ्र ही ब्लॉकवार प्रभारी नियुक्त किए जाएं और ब्लॉक अध्यक्ष मंडलवार प्रभारियों की नियुक्ति करें, ताकि ब्लॉक और मंडल कमेटियों का गठन तेजी से पूरा किया जा सके। उन्होंने कहा कि पार्टी की विचारधारा के प्रति प्रतिबद्ध और हर परिस्थिति में कांग्रेस के साथ खड़े रहने वाले लोगों को संगठन में आगे बढ़ाया जाना चाहिए।
बैठक में श्रीमती बबिता मैडम, पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद, जिलाध्यक्ष मुकेश राठौर, पीसीसी सचिव विकास सिंह, पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र जायसवाल, नत्थूलाल यादव, सपना चौहान, महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम द्विवेदी, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहु, सांसद प्रतिनिधि सुरेश सहगल, जिला उपाध्यक्ष धुरपाल सिंह कंवर, राजेंद्र सिंह ठाकुर, अशोक लोध, आरिफ खान, ओबीसी प्रकोष्ठ अध्यक्ष गजानंद साहु, जिला महामंत्री गिरधारी बरेठ, मनीराम साहु, मनहरण राठौर, रमेश जायसवाल, राजकुमार जोशी, अनुराग मोहितनाथ, सचिव डी.आर. नेताम, संजीव अग्रवाल, संतोष यादव, शत्रुहन श्रीवास, ब्लॉक अध्यक्ष पालूराम साहु, बसंत चंद्रा, राजेंद्र तिवारी, ए.डी. जोशी, सेवादल अध्यक्ष प्रदीप पुरायणे, मंडल अध्यक्ष मनीष शर्मा, जवाहर निर्मलकर, सुकसागर निर्मलकर, प्रदीप जायसवाल, रोपा तिर्की, इकबाल कुरैशी, अश्वनी पटेल, सुरती कुलदीप, देवीदयाल सोनी, बुद्धेश्वर चौहान, पार्षद अनुज जायसवाल, बद्री किरण, रवि चंदेल, सुभाष राठौर, मस्तुल कंवर, गीता गभेल, नारायण कुर्रे, डॉ. रामगोपाल कुर्रे, राजेंद्र सूर्यवंशी सहित अनेक पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। कार्यक्रम का संचालन श्याम सुंदर सोनी ने किया तथा आभार प्रदर्शन पूर्व अध्यक्ष नत्थूलाल यादव ने किया। बैठक में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
