बरबसपुर में शराब दुकान खोलने का प्रस्ताव निरस्त, ग्रामीण महिलाओं ने पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल का जताया आभार

कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा के वार्ड क्रमांक 10 अंतर्गत बरबसपुर में प्रस्तावित नई शराब दुकान खोलने के निर्णय का ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं द्वारा किए गए विरोध और पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के हस्तक्षेप के बाद आबकारी विभाग ने प्रस्ताव को निरस्त कर दिया है।

बरबसपुर में शराब दुकान खोले जाने की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं महिलाओं ने इसका विरोध करते हुए पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल से समर्थन की मांग की थी। ग्रामीणों की भावनाओं को देखते हुए श्री अग्रवाल स्वयं बरबसपुर पहुंचे और ग्रामीणों के बीच उनके समर्थन में खड़े होने की बात कही।

उन्होंने मौके से ही कोरबा जिले के आबकारी अधिकारी से दूरभाष पर चर्चा कर बरबसपुर में शराब दुकान खोलने के प्रस्ताव को तत्काल रोकने तथा ग्रामीणों की भावनाओं का सम्मान करने की बात कही थी। इसके बाद आबकारी विभाग ने बरबसपुर में शराब दुकान खोलने के प्रस्ताव को निरस्त कर दिया।

प्रस्ताव निरस्त होने के बाद बरबसपुर की लगभग 50-60 महिलाओं का प्रतिनिधिमंडल पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के निवास पहुंचा और उनका आभार व्यक्त किया। महिलाओं ने कहा कि ग्रामीणों की आवाज को मजबूती से उठाने और उनके साथ खड़े होने के लिए वे श्री अग्रवाल के प्रति आभारी हैं।

इस अवसर पर जयसिंह अग्रवाल ने महिलाओं एवं ग्रामीणों का आभार स्वीकार करते हुए कहा कि यह किसी एक व्यक्ति की जीत नहीं, बल्कि ग्रामीणों की एकजुटता और उनकी भावना की जीत है। उन्होंने कहा कि वे हमेशा जनता और ग्रामीणों के साथ खड़े रहे हैं और जहां भी उनकी जरूरत होगी, वहां उनके अधिकार एवं हित के लिए पूरी मजबूती से आवाज उठाते रहेंगे।

श्री अग्रवाल ने कहा कि बरबसपुर की महिलाओं ने जिस दृढ़ता और एकजुटता के साथ अपनी बात रखी, वह सराहनीय है। जनता की इच्छा और सामाजिक हित से जुड़े ऐसे मामलों में उनकी आवाज को अनसुना नहीं किया जाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *