16 Aug 2026 कोरबा: उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के भाषण के बाद मंच के शुद्धिकरण किए जाने के मामले के विरोध में कोरबा कांग्रेस ने पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के नेतृत्व में पैदल मार्च कर सत्याग्रह किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आयोजित यह कार्यक्रम जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा के तत्वावधान में सुभाष चौक निहारिका से डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक, घंटाघर तक आयोजित किया गया।
इस दौरान पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने हल्द्वानी की घटना को अत्यंत निंदनीय बताते हुए कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के भाषण के बाद मंच का शुद्धिकरण किया जाना बेहद शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ऐसी सोच समाज में व्याप्त छुआछूत और भेदभाव की मानसिकता को दर्शाती है। यह दलित समुदाय के सम्मान पर आघात है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि भारत का संविधान समानता, सम्मान और सामाजिक न्याय की बात करता है। महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव अंबेडकर ने जीवनभर छुआछूत और ऊंच-नीच के भेदभाव के खिलाफ संघर्ष किया। ऐसे में सार्वजनिक जीवन में इस तरह की घटनाएं देश की सामाजिक समरसता के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं।
पैदल मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हल्द्वानी की घटना के विरोध में नारेबाजी की और सामाजिक समानता एवं संविधान के मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया। जयसिंह अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं के साथ डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक पहुंचकर सत्याग्रह में हिस्सा लिया।
इस अवसर पर प्रदेश पदाधिकारी हरिश परसाई, पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद, पूर्व सभापति श्याम सुंदर सोनी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज चौहान, पूर्व अध्यक्ष सपना चौहान, ब्लॉक अध्यक्ष राजेन्द्र तिवारी, पालुराम, ए.डी. जोशी, मंडल अध्यक्ष मनीष शर्मा, जवाहर निर्मलकर, प्रदीप जायसवाल, इकबाल कुरैशी, सुकसागर निर्मलकर, वरिष्ठ नेत्री रेखा त्रिपाठी, शांता मंडावे, पुष्पा पात्रे, संगीता श्रीवास, अर्चना उपाध्याय, राजेन्द्र सिंह ठाकुर, गिरधारी बरेठ, राकेश पंकज, चुलेश्वर राठौर, हिमांशु सिंह, मनहरण राठौर इंटक, मो. शाहिद, कृपाराम साहू, पार्षद रवि चंदेल, सुभाष राठौर, नारायण कुर्रे, रामगोपाल कुर्रे, मस्तुल कंवर, बद्री किरण, पूर्व पार्षद रामगोपाल यादव, रवि खुंटे, अनिल सिंह, गणेश दास महंत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
