कोरबा। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार 9 अगस्त ‘क्रांति दिवस’ (भारत छोड़ो आंदोलन) के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय, कोरबा में स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर योद्धाओं के सम्मान में श्रद्धांजलि सभा एवं विचार-गोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं स्वतंत्रता आंदोलन के महान अमर शहीदों के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को किया याद
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि 9 अगस्त 1942 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के आह्वान पर शुरू हुआ ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का ऐतिहासिक मोड़ था। देश की आजादी के लिए महान स्वतंत्रता सेनानियों और वीर योद्धाओं ने जो त्याग, तपस्या और बलिदान दिया, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।
उन्होंने कहा कि क्रांति दिवस अमर शहीदों को नमन करने और उनके दिखाए सत्य, अहिंसा एवं राष्ट्रसेवा के मार्ग पर चलने का संकल्प लेने का दिन है।

कांग्रेस के इतिहास और स्वतंत्रता आंदोलन पर रखे विचार
शहर जिलाध्यक्ष मुकेश राठौर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का इतिहास देश की आजादी और राष्ट्र निर्माण के महान संघर्षों से जुड़ा हुआ है। आज भी पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता लोकतांत्रिक मर्यादाओं एवं आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा से प्रतिबद्ध है।
ग्रामीण जिलाध्यक्ष मनोज चौहान ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने भारत छोड़ो आंदोलन के माध्यम से अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिला दी थी और उन्हें देश छोड़ने के लिए मजबूर कर दिया।
पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद ने अंग्रेजों की दमनकारी नीतियों एवं उन ऐतिहासिक परिस्थितियों पर प्रकाश डाला, जिनके कारण भारत छोड़ो आंदोलन की शुरुआत हुई।
पूर्व निगम सभापति श्यामसुंदर सोनी ने कहा कि देश के वीर सपूतों ने परिस्थितियों से समझौता करने के बजाय राष्ट्र की स्वतंत्रता को प्राथमिकता दी और आने वाली पीढ़ियों को आजादी दिलाने के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।
महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष (शहर) कुसुम द्विवेदी ने स्वतंत्रता आंदोलन में महिलाओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि असंख्य महिलाओं ने घर-परिवार का त्याग कर क्रांतिकारियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आजादी की लड़ाई लड़ी।
पूर्व शहर जिलाध्यक्ष सपना चौहान ने कहा कि अंग्रेजों ने देश की अकूत संपदा को लूटा तथा किसानों, मजदूरों और महिलाओं पर अत्याचार किए। आज हम जिस स्वतंत्रता का आनंद ले रहे हैं, वह हमारे वीर सपूतों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है।
कांग्रेस के विभिन्न मोर्चा एवं प्रकोष्ठों की रही सक्रिय सहभागिता
कार्यक्रम में अन्य वक्ताओं ने भी स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और राष्ट्र निर्माण में स्वतंत्रता सेनानियों की भूमिका पर अपने विचार रखे।
इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष पालूराम साहू, ए.डी. जोशी, बसंत चंद्रा, मंडल अध्यक्ष जवाहर निर्मलकर, मनीष शर्मा, प्रदीप जायसवाल, पार्षद रवि सिंह चंदेल, सुखसागर निर्मलकर, सुभाष राठौर, नारायण लाल कुर्रे सहित अर्चना उपाध्याय, रेखा त्रिपाठी, सुधीर जैन, मस्तूल सिंह कंवर, सांता मंडावे, एफ.डी. मानिकपुरी, रामगोपाल यादव, महेंद्र थवाईत, देवीदयाल तिवारी, रवि खूंटे, हिमांशु सिंह, गणेश दास महंत, पुष्पा पात्रे, ग्रेडिंन गैलियर, एहसान अली, चंद्रकुमार पाण्डेय, निर्मलकुमार साहू, लीलूराम केवंत, पतंग कुमार केवट, पवन चौहान, जीवन चौहान, संजय कंवर, संजय पटेल, मुस्लिम खान, समसुद्दीन, हरनारायण राठौर, सुखनंदन सिंह सोनकर, ज्योतिदास दीवान, धनराज साह, कुंजबिहारी साहू, चालेस्वर सिंह, हरवेन्द्र सिंह, मनोज सिंह राठौर, संगीता श्रीवास, लक्ष्मी महंत, सुभद्रा सिंह सहित जिला कांग्रेस कमेटी, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवा दल तथा विभिन्न मोर्चा, प्रकोष्ठों एवं विभागों के अध्यक्ष, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का लिया संकल्प
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी कांग्रेसजनों ने देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता और आपसी भाईचारे को बनाए रखने तथा स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों पर चलने का सामूहिक संकल्प लिया।
