छत्तीसगढ़ के जननेता स्व. बिसाहूदास महंत को 48वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि, डॉ. चरणदास महंत बोले- सेवा और सादगी की विरासत हमेशा प्रेरित करेगी

24 July 2026 कोरबा: छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय जननेता एवं संयुक्त मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री स्व. बिसाहूदास महंत की 48वीं पुण्यतिथि पर शनिवार को कोरबा के ओपन थियेटर घण्टाघर स्थित बिसाहूदास महंत स्मृति उद्यान में जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत, पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल सहित कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने उनकी आदमकद प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि भले ही बाबूजी आज हमारे बीच भौतिक रूप से मौजूद नहीं हैं, लेकिन उनका आशीर्वाद और आदर्श सदैव हम सभी का मार्गदर्शन करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि स्व. बिसाहूदास महंत का पूरा जीवन सादगी, त्याग और जनसेवा को समर्पित रहा। राजनीति को उन्होंने हमेशा सेवा का माध्यम माना और आमजन के बीच अपनी अलग पहचान बनाई। डॉ. महंत ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य की परिकल्पना का बीजारोपण बहुत पहले स्व. महंत जैसे दूरदर्शी नेताओं ने किया था, जिसका परिणाम आज अलग राज्य के रूप में सामने है।

पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने स्व. बिसाहूदास महंत को जनप्रिय और दूरदर्शी नेता बताते हुए कहा कि उन्होंने चार बार मध्यप्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री तथा मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के रूप में उल्लेखनीय सेवाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्व. महंत कबीरपंथी होने के साथ गांधीवादी विचारधारा के अनुयायी थे। उनका सादा जीवन, उच्च विचार, सरल स्वभाव और जनसेवा का भाव आज भी सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। संसदीय परंपराओं और जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता उन्हें विशिष्ट व्यक्तित्व बनाती है।

कोरबा लोकसभा सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत ने कहा कि स्व. बिसाहूदास महंत ने अपने जीवन से सादा जीवन और उच्च विचार की अवधारणा को चरितार्थ किया। मंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में उनके कार्य आज भी जनप्रतिनिधियों के लिए अनुकरणीय हैं। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने कहा कि स्व. बिसाहूदास महंत ने ग्रामीण अंचलों का प्रतिनिधित्व करते हुए ईमानदारी, निष्ठा और उच्च मूल्यों पर आधारित राजनीति की, जिससे उन्होंने जनमानस में विशिष्ट स्थान बनाया।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज चौहान ने कहा कि स्व. बिसाहूदास महंत छत्तीसगढ़ की माटी के सच्चे सपूत और जनसेवक थे। उन्होंने प्रदेश के पारंपरिक कोसा वस्त्र उद्योग को राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में विधायक फूलसिंह राठिया, पूर्व विधायक पुरुषोत्तम कंवर, मोहित केरकेट्टा, नगर पालिका परिषद कटघोरा अध्यक्ष राज जायसवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष हरीश परसाई, सुरेन्द्र प्रताप जायसवाल, प्रदीप अग्रवाल, अजीत दास महंत, गोरेलाल यादव, राजीव लखनपाल, कृपाराम साहू, नत्थूलाल यादव, सपना चौहान, रेखा त्रिपाठी, अर्चना उपाध्याय, दुष्यंत शर्मा, राजेन्द्र सिंह ठाकुर, प्रशांत मिश्रा, अजय जायसवाल, कौशल नेटी, पुष्पा पात्रे, दुलेश्वरी सिदार, मीरा रामशरण कंवर, रामशरण सिंह, राजेन्द्र तिवारी, बसंत मिश्रा, पालूराम साहू, संजय आजाद, संतोष देवांगन, रवि चंदेल, नारायण कुर्रे, गीता गभेल, प्रमोद श्रीवास, हिमांशु सिंह, जय कंवर, माधो देवांगन, दीनानाथ राठिया, ए. मन्नेवार, देवी राजवाड़े, सनत दास दीवान, शशि अग्रवाल, द्रोपती तिवारी, सुभद्रा सिंह, लक्ष्मी महंत, शांता मंडावे, हराबाई, लता चौहान, भुनेश्वरी दास, ममता यादव, रघु दीवान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कोरबा, रामपुर, पाली-तानाखार, कटघोरा, जांजगीर, सक्ती, चांपा और कोरिया सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कांग्रेसजन शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *