छात्रों पर पुलिसिया कार्रवाई के विरोध में कोरबा कांग्रेस का प्रदर्शन, प्रधानमंत्री का पुतला दहन

22 July 2026 कोरबा: दिल्ली में छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई और लोकतांत्रिक अधिकारों के कथित दमन के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने किया।

प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी शहर एवं ग्रामीण, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, सेवा दल, किसान कांग्रेस, पिछड़ा वर्ग कांग्रेस, अनुसूचित जाति विभाग, अल्पसंख्यक विभाग तथा विभिन्न प्रकोष्ठों और अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए छात्रों के आंदोलन के प्रति समर्थन व्यक्त किया गया।

सभा को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि देश का युवा अपने भविष्य, मेहनत और अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा घोटालों, पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था की विफलताओं ने करोड़ों विद्यार्थियों का विश्वास तोड़ा है। ऐसे समय में सरकार को छात्रों की बात सुननी चाहिए थी, लेकिन उनकी आवाज को पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारियों के माध्यम से दबाने का प्रयास किया गया।

डॉ. महंत ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध हर नागरिक का अधिकार है। यदि छात्र अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं तो सरकार को संवाद करना चाहिए, न कि बल प्रयोग। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान प्रदत्त अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला बताया।

उन्होंने कहा कि नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं और पेपर लीक मामलों की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए था, लेकिन अब कांग्रेस की मांग प्रधानमंत्री के इस्तीफे की है। उन्होंने आरोप लगाया कि जवाबदेही तय करने के बजाय केंद्र सरकार छात्रों को ही दोषी ठहराने का प्रयास कर रही है।

पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि देश का युवा रोजगार, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था की मांग कर रहा है, लेकिन केंद्र सरकार उनकी मांगों का समाधान करने के बजाय आंदोलन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्षों की मेहनत के बाद परीक्षा देने वाले छात्रों के भविष्य के साथ पेपर लीक माफिया ने खिलवाड़ किया, लेकिन दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने के बजाय छात्रों पर कार्रवाई की जा रही है।

जयसिंह अग्रवाल ने आरोप लगाया कि छात्रों के समर्थन में पहुंचे कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भी पुलिस ने हिरासत में लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी सहित विपक्ष के अन्य नेताओं के साथ किया गया व्यवहार दर्शाता है कि केंद्र सरकार लोकतांत्रिक विरोध से घबराई हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी युवाओं के अधिकारों और पारदर्शी शिक्षा व्यवस्था के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री का पुतला दहन केवल प्रतीकात्मक विरोध नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य, लोकतांत्रिक अधिकारों और संविधान की रक्षा का संकल्प है। उन्होंने केंद्र सरकार से छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने और शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार एवं पेपर लीक की घटनाओं पर जवाब देने की मांग की।

प्रदर्शन में रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया, कटघोरा नगर पंचायत अध्यक्ष राज जैसवाल, पूर्व विधायक मोहित राम केरकेट्टा, पुरुषोत्तम कंवर, प्रदेश सचिव हरीश परसाई, विकास सिंह, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष (शहर) राकेश पंकज, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष (ग्रामीण) विकास सिंह, बी.एन. सिंह, जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष मुकेश कुमार राठौर, जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष मनोज चौहान, पार्षद एवं निगम नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू सहित जिला कांग्रेस के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *