टीपी नगर चौक में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के नेतृत्व में नारेबाजी, कहा— केवल छोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई नहीं, जिम्मेदार ट्रस्ट पदाधिकारियों को भी बनाया जाए आरोपी
13 July 2026 कोरबा: अयोध्या श्रीराम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी एवं वित्तीय अनियमितताओं के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) ने सोमवार को टीपी नगर चौक में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और ट्रस्ट पदाधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि श्रीराम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण में केवल निचले स्तर के कर्मचारियों को निशाना बनाया जा रहा है। पुलिस द्वारा आठ कर्मचारियों को हिरासत में लिया गया है, जबकि ट्रस्ट के जिम्मेदार पदाधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश-विदेश के करोड़ों श्रद्धालुओं ने अपनी आस्था से मंदिर निर्माण और दान-पेटी में योगदान दिया है। ऐसे मामलों से श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और इसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने मांग की कि ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, सदस्य अनिल मिश्रा और गोपाल राव के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोष सिद्ध होने पर कठोर कार्रवाई की जाए।
पूर्व महापौर एवं पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजकिशोर प्रसाद ने कहा कि चढ़ावे से कथित तौर पर 200 करोड़ रुपये की चोरी, स्वर्ण जड़ित रामचरितमानस के गायब होने और 200 किलो चांदी के कथित गबन जैसे मामलों में केवल छोटे कर्मचारियों की भूमिका नहीं हो सकती। उन्होंने पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
पूर्व सभापति श्याम सुंदर सोनी ने कहा कि देश के विभिन्न धार्मिक स्थलों पर समय-समय पर चढ़ावा और प्रसाद से जुड़े विवाद सामने आए हैं। ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष मनोज चौहान ने कहा कि भाजपा को स्पष्ट करना चाहिए कि भगवान श्रीराम के नाम पर श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए चढ़ावे की पवित्रता को नुकसान पहुंचाने वालों को राजनीतिक संरक्षण क्यों दिया जा रहा है।
प्रदर्शन में महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम द्विवेदी, प्रदेश सचिव विकास सिंह, बी.एन. सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष सपना चौहान, रेखा त्रिपाठी, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू, युवा कांग्रेस अध्यक्ष राकेश पंकज सहित विभिन्न प्रकोष्ठों एवं ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
