14 July 2026 कोरबा: जिला कांग्रेस कार्यालय, टीपी नगर कोरबा में जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) द्वारा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी एवं मंडल कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन के पुनर्गठन, बूथ एवं वार्ड स्तर तक कांग्रेस को मजबूत बनाने और नई नियुक्तियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा संगठन को जिला, ब्लॉक, मंडल, वार्ड और बूथ स्तर तक पुनर्गठित करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि इसी माह प्रदेश के सभी 42 जिला अध्यक्षों को 10 दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया है। कोरबा शहर कांग्रेस में चार ब्लॉक और 10 मंडल समितियों का गठन किया जा चुका है तथा वर्तमान में बूथ समितियों के गठन का कार्य तेज गति से चल रहा है। इसके बाद वार्ड अध्यक्षों एवं वार्ड समितियों का गठन भी शीघ्र किया जाएगा।

बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि नव नियुक्त ब्लॉक एवं मंडल अध्यक्षों में अधिकांश युवा चेहरे हैं, जो कांग्रेस के भविष्य की मजबूत नींव हैं। उन्होंने कहा कि वार्ड और बूथ समितियों में सक्रिय एवं समर्पित कार्यकर्ताओं को स्थान देकर संगठन में नई ऊर्जा और नेतृत्व को आगे लाना होगा। उन्होंने कहा कि संगठन में मिली जिम्मेदारी केवल पद नहीं, बल्कि जनता से जुड़ने और कांग्रेस की रीति-नीति को जन-जन तक पहुंचाने का दायित्व है।
जयसिंह अग्रवाल ने बताया कि जिला शहर कांग्रेस के चारों ब्लॉकों के लिए प्रभारी नियुक्त किए जा चुके हैं। जल्द ही सभी 10 मंडल समितियों के लिए मंडल प्रभारियों की सूची जारी की जाएगी। साथ ही जिला कांग्रेस प्रवक्ता के अलावा चारों ब्लॉक एवं दसों मंडल कांग्रेस समितियों में भी प्रवक्ताओं की नियुक्ति की जाएगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अपने-अपने बूथों में बूथ अध्यक्ष बनने और निर्धारित समय सीमा में बूथ एवं वार्ड समितियों का गठन पूर्ण करने का आह्वान किया।
पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजकिशोर प्रसाद ने कहा कि संगठनात्मक पुनर्गठन में पदों की संख्या बढ़ाने की आवश्यकता है, ताकि अधिक से अधिक सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी मिल सके। पूर्व अध्यक्ष श्याम सुंदर सोनी ने कहा कि अब तक जिन पदाधिकारियों की नियुक्ति हुई है, वे बेहतर प्रदर्शन करने वाले कार्यकर्ता हैं और आगामी नियुक्तियों में भी सक्रिय कार्यकर्ताओं को अवसर मिलेगा।

पूर्व जिला अध्यक्ष सपना चौहान ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा से जुड़े और हर स्तर पर विरोधी ताकतों का सामना करने वाले लोगों को संगठन से जोड़ना समय की आवश्यकता है। महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम द्विवेदी ने कहा कि कांग्रेस गरीब, किसान, मजदूर, युवा, महिला एवं शोषित वर्ग की आवाज है और देश को आजादी दिलाने से लेकर संविधान देने तथा विकास के मार्ग पर आगे बढ़ाने में कांग्रेस की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
बैठक को वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री रेखा त्रिपाठी, प्रदेश सचिव विकास सिंह, बी.एन. सिंह, अनुसूचित जाति कांग्रेस अध्यक्ष नारायण कुर्रे, ओबीसी कांग्रेस अध्यक्ष गजानंद साहू, सेवादल अध्यक्ष प्रदीप पुरायणे, युवा कांग्रेस अध्यक्ष राकेश पंकज सहित विभिन्न प्रकोष्ठों, ब्लॉक एवं मंडल कांग्रेस के पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया।
बैठक में जिला कांग्रेस, ब्लॉक कांग्रेस, मंडल कांग्रेस, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, पार्षद एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
