मिनीमाता की पुण्यतिथि पर श्रद्धापूर्वक स्मरण, समाजसेवा और महिला शिक्षा में योगदान को किया नमन

नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने मिनीमाता के सामाजिक संघर्ष एवं योगदान को बताया प्रेरणास्रोत

11 Aug 2026 कोरबा: छत्तीसगढ़ की महान समाजसेविका, महिला शिक्षा एवं सामाजिक न्याय की प्रबल समर्थक तथा अविभाजित मध्यप्रदेश में छत्तीसगढ़ क्षेत्र से निर्वाचित प्रथम महिला सांसद मिनीमाता जी की पुण्यतिथि पर कोरबा स्थित मिनीमाता कन्या महाविद्यालय परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

कोरबा जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने मिनीमाता जी के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए कहा कि वे केवल एक राजनीतिक व्यक्तित्व नहीं थीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन की एक सशक्त आवाज थीं। उन्होंने दलित समाज से आने के बावजूद अपने संघर्ष और सेवाभाव को किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं रखा, बल्कि पूरे समाज, विशेषकर दलितों, महिलाओं और बालिकाओं के अधिकारों, सम्मान एवं उत्थान के लिए निरंतर कार्य किया।

डॉ. महंत ने कहा कि छत्तीसगढ़ के सामाजिक एवं राजनीतिक इतिहास में मिनीमाता जी का स्थान अत्यंत महत्वपूर्ण है। महिलाओं, दलितों और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए उन्होंने जिस दृढ़ता से आवाज उठाई, वह आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक है। उनका जीवन सामाजिक न्याय, समानता और मानव गरिमा के लिए समर्पित रहा।

‘मिनीमाता का जीवन समाज के अंतिम व्यक्ति की सेवा का संदेश देता है’ — जयसिंह अग्रवाल

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने मिनीमाता जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने सार्वजनिक जीवन में रहकर समाज के अंतिम व्यक्ति की आवाज को सदन तक पहुंचाने का कार्य किया। कमजोर वर्गों के अधिकारों, महिलाओं के सम्मान और सामाजिक न्याय के लिए उनकी प्रतिबद्धता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने कहा कि मिनीमाता जी का जीवन यह संदेश देता है कि राजनीति केवल सत्ता प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद लोगों की सेवा का प्रभावी माध्यम भी हो सकती है। उन्होंने उस दौर में महिला एवं बालिका शिक्षा के सामने मौजूद सामाजिक रूढ़ियों और बाधाओं के बीच शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का महत्वपूर्ण माध्यम माना।

जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि महिला शिक्षा, बालिका शिक्षा, सामाजिक समानता और वंचित वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए मिनीमाता जी द्वारा किए गए प्रयास आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। उनके आदर्शों को आत्मसात कर समाज में समानता, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लिया संकल्प

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने मिनीमाता जी के आदर्शों को आत्मसात करते हुए सामाजिक समरसता, समानता, महिला सशक्तिकरण एवं शिक्षा के विस्तार के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर पूर्व विधायक श्यामलाल कंवर, कोरबा जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष मुकेश कुमार राठौर, ग्रामीण अध्यक्ष मनोज चौहान, पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद, हरीश परसाई, पूर्व जिलाध्यक्ष शहर सपना चौहान, ब्लॉक अध्यक्ष ए.डी. जोशी, पालू राम साहू, पार्षदगण रवि सिंह चंदेल, रामगोपाल कुर्रे, नारायण लाल कुर्रे, बद्रीकिरण, पूर्व पार्षद अर्चना उपाध्याय, रामगोपाल यादव, सनीश कुमार, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष मो. शाहिद, गिरधारी बरेठ, सांता मांडावे, पुष्पा पात्रे, मनहरण राठौर, रवि खूंटे, संगीता श्रीवास, शांति भैना, अंकित वर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों ने मिनीमाता जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उपस्थित जनों ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को स्मरण करते हुए समाज के वंचित, शोषित और कमजोर वर्गों के अधिकारों के लिए उनके संघर्ष को नमन किया। कार्यक्रम के दौरान मिनीमाता जी के आदर्शों और विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प भी लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *