ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव में दहेज के लिए जिंदा जलाई गई निक्की भाटी अपने परिवार का खर्च खुद उठा रही थी। उसके पिता ने कहा कि निक्की और कंचन ने डीपीएस स्कूल से पढ़ाई की थी। निक्की पढ़ाई में काफी होशियार थी। पढ़ाई के बाद उसने ब्यूटी पार्लर का कोर्स किया और अपना पार्लर चलाती थी। वह अपने बच्चों को खुद ही पाल रही थी।
पिता ने कहा कि निक्की की आंखों में बड़े सपने थे, लेकिन अब कुछ नहीं बचा। मेरी बेटी चली गई। हत्यारों ने साजिश करके मेरी बेटी को मार दिया। उसे हमेशा तंग रखते थे, टॉर्चर करते थे। इससे वह परेशान रहती थी, लेकिन आरोपी बाज नहीं आ रहे थे।
कंचन और निक्की मेकओवर आर्टिस्ट थीं। उन्हें कई अवॉर्ड भी मिले थे। निक्की की बहन कंचन सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर है। इंस्टाग्राम पर कंचन के 49 हजार फॉलोअर्स हैं। दोनों बहनें ससुराल में ब्यूटी पार्लर चलाती थीं। ब्यूटी पार्लर से संबंधित वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर करती थीं।
कंचन ने ससुराल में छोटी बहन निक्की के साथ हुई बर्बरता का वीडियो भी बनाया था। कंचन ने इस घटना के एक के बाद एक कई वीडियो बनाए और फिर इन्हें सोशल मीडिया पर शेयर किया। इसके बाद से यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो को देखकर लोगों में भारी आक्रोश है। इस तरह की घटना करने वाले आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।