24 June 2026 कोरबा: बलगीखार स्थित शिव-काली मंदिर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में प्रदेश के पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने सहभागिता कर व्यास पीठ पर विराजमान कथा व्यास Pandit Ramnath Tiwari से आशीर्वाद प्राप्त किया तथा कथा श्रवण कर धर्ममय वातावरण में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाला आध्यात्मिक मार्गदर्शन है। भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं, सुदामा चरित्र और राजा परीक्षित मोक्ष जैसे प्रसंग हमें प्रेम, मित्रता, विनम्रता, धर्म, सेवा और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में भागवत जैसे धार्मिक आयोजन समाज में संस्कारों, आपसी सद्भाव और नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। बच्चों और युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक परंपराओं एवं अच्छे संस्कारों से जोड़ना आवश्यक है, ताकि समाज में प्रेम, भाईचारे और सकारात्मक ऊर्जा का विस्तार हो सके।
पूर्व मंत्री ने आयोजन के लिए मंदिर के पुजारी पंडित मोनू दुबे एवं सहयोगियों की सराहना करते हुए कहा कि स्वर्गीय श्रीमती ऋतू दुबे की स्मृति में आयोजित यह आध्यात्मिक कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है।
उन्होंने नागरिकों से आह्वान करते हुए कहा कि धर्म का वास्तविक अर्थ केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों की सहायता करना, सत्य के मार्ग पर चलना तथा परिवार एवं समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना ही सच्चा धर्म है। भगवान श्रीकृष्ण के संदेशों को जीवन में आत्मसात कर एक शांतिपूर्ण, संस्कारित और समरस समाज के निर्माण में सभी को योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, धर्मप्रेमी नागरिक एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे। कथा स्थल पर भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बना रहा तथा श्रद्धालुओं ने कथा का रसपान कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया।
