06 Sep 2025 कोरबा: जिले से शुक्रवार को एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। रिसदी मार्ग स्थित तालाब में नहाने गए पुलिस कॉलोनी के तीन मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। इस हादसे ने पूरे पुलिस परिवार और क्षेत्रवासियों को गहरे शोक में डाल दिया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस लाइन कॉलोनी के कुछ बच्चे आज दोपहर नहाने के लिए रिसदी तालाब गए थे। इसी दौरान तीन बच्चे गहराई में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन जब तक बाहर निकाला गया, उनकी हालत गंभीर हो चुकी थी।
बच्चों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण उपरांत तीनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में सिविल लाइन थाना में पदस्थ राजेश्वर सिंह के पुत्र युवराज सिंह ठाकुर (9 वर्ष), पुलिस लाइन में पदस्थ जोलजस लकड़ा के पुत्र आकाश लकड़ा (13 वर्ष) और अयोध्या जगत के पुत्र प्रिंस जगत (12 वर्ष) शामिल हैं।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पुलिस कॉलोनी में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे पुलिस परिवार में गमगीन वातावरण व्याप्त हो गया है।

