कोरबा में वोटर अधिकार मशाल यात्रा, कांग्रेस नेताओं ने भाजपा और चुनाव आयोग पर साधा निशाना

17 Sep 2025 कोरबा: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वाधान में मंगलवार देर रात वोटर अधिकार यात्रा एवं “वोट चोर गद्दी छोड़ो” हस्ताक्षर अभियान के तहत विशाल मशाल जुलूस निकाला गया। यह यात्रा सुभाष चौक निहारिका से स्वर्गीय बिसाहू दास महंत स्मृति उद्यान तक निकाली गई। मशाल जुलूस में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी एवं एआईसीसी महासचिव सचिन पायलट, सहप्रभारी जरिता लैतफ्लांग, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव, पूर्व मंत्री उमेश पटेल, मोहन मरकाम, ताम्रध्वज साहू, डॉ. शिव डहरिया, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, सांसद ज्योत्सना महंत सहित अनेक विधायक, पूर्व मंत्री और संगठन पदाधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए।

जुलूस के दौरान नेताओं ने मशाल लेकर नारेबाजी की और लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प लिया। यात्रा मार्ग में नेताजी सुभाषचंद्र बोस, डॉ. भीमराव अंबेडकर, स्व. मिनीमाता और स्व. बिसाहू दास महंत की प्रतिमाओं पर कैंडल जलाकर और पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। वहीं, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूरे मार्ग में हस्ताक्षर अभियान भी चलाया। जुलूस का समापन स्व. बिसाहू दास महंत उद्यान में सभा के साथ हुआ।

सभा को संबोधित करते हुए सचिन पायलट ने भाजपा सरकार और चुनाव आयोग पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि “केंद्र सरकार ने लोकतांत्रिक संस्थाओं पर कब्जा कर लिया है और सीबीआई व ईडी का खुला दुरुपयोग कर रही है। चुनाव में हार-जीत सामान्य है लेकिन वोट चोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” पायलट ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग लोकतंत्र की जड़ों को कमजोर कर रहा है। उन्होंने कर्नाटक चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि मृत लोगों को जीवित दिखाकर और एक मकान में सैकड़ों मतदाता दर्ज करके धांधली की गई।

पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने कहा कि “वोट चोर गद्दी छोड़ो अभियान राहुल गांधी ने गहन पड़ताल के बाद शुरू किया है।” उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा को फायदा पहुंचाने के लिए मतदाता सूची में गड़बड़ी कर रहा है। महाराष्ट्र और कर्नाटक चुनावों का हवाला देते हुए सिंहदेव ने कहा कि एक घर में हजारों मतदाता जोड़े गए और अप्रत्याशित रूप से भाजपा को लाभ मिला।

नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने तीखा कटाक्ष करते हुए कहा – “डीजल चोर, कोयला चोर, कबाड़ चोर तो सुना होगा, लेकिन देश में सबसे बड़ी चोरी ‘वोट चोरी’ है, जिसका खुलासा राहुल गांधी ने किया है।”

वहीं, पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ की मतदाता सूची में भी बड़े पैमाने पर धांधली हुई है। उन्होंने बताया कि कोरबा विधानसभा की सूची में चार पूर्व कलेक्टरों के नाम आज भी दर्ज हैं, जबकि उनका वर्षों पहले तबादला हो चुका है। इसके अलावा अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी गलत तरीके से नाम जोड़े और हटाए गए हैं।

इस मशाल यात्रा ने कोरबा की सड़कों पर जनसैलाब जुटाया और कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट संदेश दिया कि लोकतंत्र को कमजोर करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *