बालको प्रबंधन के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, जनसमस्याओं को लेकर राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

09 April 2026 कोरबा: बालको क्षेत्र में जनहित से जुड़े गंभीर और लंबे समय से लंबित मुद्दों को लेकर आज कोरबा जिला युवा कांग्रेस के तत्वावधान में जिला कांग्रेस कमेटी तथा कांग्रेस पार्टी की अनुषंगी इकाइयों एवं विभिन्न मोर्चा-प्रकोष्ठों द्वारा बालको नगर प्रशासन कार्यालय के सामने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया।

धरना-प्रदर्शन में प्रभावित छोटे ठेला-गुमटी संचालकों, लघु व्यवसायियों और उनके परिजनों सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठजन, जिला, ब्लॉक एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी तथा जमीनी स्तर के कार्यकर्ता शामिल हुए। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने वेदांत संचालित Bharat Aluminium Company प्रबंधन की जनविरोधी गतिविधियों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए चेतावनी दी कि यदि कार्यशैली में जनहित को प्राथमिकता नहीं दी गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।

धरना स्थल पर जिला प्रशासन की ओर से तैनात अतिरिक्त तहसीलदार विष्णु प्रसाद पैकरा एवं नायब तहसीलदार दीपक पटेल को महामहिम राष्ट्रपति महोदया के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा गया, जिसे कलेक्टर कोरबा के माध्यम से प्रेषित किया गया है। ज्ञापन में वेदांता प्रबंधन द्वारा संचालित बालको की कार्यप्रणाली से उत्पन्न विभिन्न जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए तत्काल हस्तक्षेप की मांग की गई है।

इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि बालको प्रबंधन की मनमानी कार्यशैली से बालकोनगर क्षेत्र में रहने वाले हर वर्ग के लोग त्रस्त हैं। चाहे नियमित कर्मचारी हों, संविदा कर्मचारी, सेवानिवृत्त कर्मचारी, ठेका मजदूर, लघु व फुटकर व्यवसायी, दुकानदार, ठेकेदार या परिवहनकर्ता—हर वर्ग प्रबंधन की मनमानी का शिकार हो रहा है। यदि छोटे ठेला-गुमटी संचालकों को नुकसान पहुंचाया गया तो इसके परिणामों के लिए प्रबंधन को तैयार रहना होगा।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि बालको क्षेत्र में सड़क, पर्यावरण, रोजगार, श्रमिक अधिकार और जनसुविधाओं से जुड़ी अनेक गंभीर समस्याएं वर्षों से अनदेखी की जा रही हैं, जिससे आम नागरिकों का जीवन, स्वास्थ्य और आजीविका प्रभावित हो रही है। इसके बावजूद अब तक संबंधित विभागों द्वारा कोई ठोस पहल नहीं की गई है।

प्रमुख मांगों में ध्यानचंद चौक से रिस्दी चौक तक फोरलेन सीसी सड़क निर्माण, भारी वाहनों के कारण जर्जर सड़कों का सुधार, स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता, संविदा श्रमिकों के उत्पीड़न पर रोक, फ्लाई ऐश प्रदूषण नियंत्रण, पर्यावरण संरक्षण, बंद किए गए सार्वजनिक मार्गों को पुनः खोलना तथा छोटे व्यापारियों को विस्थापन से बचाना शामिल हैं।

कार्यक्रम में कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता, जिला युवा कांग्रेस के पदाधिकारीगण, जिला कांग्रेस कमेटी के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी व सदस्यगण तथा सभी मंडल, ब्लॉक, वार्ड एवं बूथ कमेटी के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *