21 May 2026 कोरबा: लगातार बढ़ती महंगाई के विरोध में दर्री क्षेत्र के जमनीपाली में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आम नागरिक शामिल हुए।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस (एलपीजी) और दैनिक उपयोग की खाद्य सामग्रियों की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम जनता का जीवन कठिन बना दिया है। उन्होंने कहा कि महंगाई ने मध्यमवर्गीय एवं गरीब परिवारों की कमर तोड़ दी है और लोगों के लिए घर चलाना मुश्किल हो गया है।
उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से परिवहन व्यवस्था प्रभावित होती है, जिसका असर सभी आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर पड़ता है। वहीं एलपीजी सिलेंडर के बढ़ते दामों ने गृहिणियों का बजट बिगाड़ दिया है। खाद्य तेल, दाल, सब्जियों सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि से आम नागरिक आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।

जयसिंह अग्रवाल ने केंद्र एवं राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार जनता को राहत देने के बजाय केवल बड़े-बड़े दावे कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर आम आदमी महंगाई से परेशान है। उन्होंने पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कीमतों में तत्काल कमी करने तथा आवश्यक वस्तुओं के दाम नियंत्रित करने की मांग की।
उन्होंने यह भी बताया कि जमनीपाली पेट्रोल पंप के पास पिछले दो दिनों से डीजल की कमी के कारण दर्जनों ट्रक सड़क किनारे कतार में खड़े हैं, जिससे परिवहन व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से “महंगाई की अर्थी” सजाकर शवयात्रा निकाली और “राम नाम सत्य है, महंगाई जबरदस्त है”, “महंगाई की मार, अब नहीं सहेंगे यार” तथा “जनता त्रस्त, भाजपा मस्त” जैसे नारे लगाए।

कार्यक्रम में प्रदेश सचिव विकास सिंह, जिला कांग्रेस अध्यक्ष (शहर) मुकेश कुमार राठौर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष (ग्रामीण) मनोज चौहान, युवा कांग्रेस अध्यक्ष राकेश पंकज, ए.डी. जोशी, राजेंद्र तिवारी, पालुराम साहू, नारायण लाल कुर्रे, रवि सिंह चंदेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया, तो पार्टी जनता के हित में आगे भी व्यापक आंदोलन करेगी।
