18 May 2026 कोरबा: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा शहर एवं ग्रामीण के संयुक्त तत्वावधान में घंटाघर चौक स्थित पेट्रोल पंप के पास केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल संकट, घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडर की कमी तथा खाद संकट को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने कहा कि देश में लगातार महंगाई बढ़ रही है और पेट्रोल, डीजल, घरेलू गैस सहित दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दामों में बेतहाशा वृद्धि से आम जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार महंगाई नियंत्रित करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।
जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष मनोज चौहान ने किसानों की समस्या उठाते हुए कहा कि पिछले कई वर्षों से देश में उर्वरक (खाद) की कमी बनी हुई है। किसानों को पर्याप्त खाद नहीं मिलने से कृषि उत्पादन प्रभावित हो रहा है और किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने का वादा करने वाली सरकार किसानों को मूलभूत सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं करा पा रही है।
प्रदेश कांग्रेस सचिव बी.एन. सिंह ने कहा कि पिछले दो माह से पेट्रोल, डीजल एवं गैस संकट के कारण आम जनता बेहाल है। पेट्रोल पंपों में ईंधन की कमी और गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारों से लोग परेशान हैं।

जिला उपाध्यक्ष एवं महिला आयोग की पूर्व सदस्य अर्चना उपाध्याय ने केंद्र सरकार की नीतियों पर हमला बोलते हुए कहा कि “अच्छे दिन” का वादा करने वाली सरकार के कार्यकाल में आम और मध्यम वर्गीय परिवारों की आर्थिक स्थिति लगातार खराब हुई है।
पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष नत्थूलाल यादव ने कहा कि मोदी-शाह सरकार महंगाई और बेरोजगारी पर नियंत्रण करने में पूरी तरह असफल रही है। आवश्यक घरेलू वस्तुओं के लगातार बढ़ते दामों से आम जनता का बजट बिगड़ गया है।
प्रदर्शन के दौरान सपना चौहान, श्याम सुंदर सोनी, राजेंद्र सिंह ठाकुर, दुष्यंत शर्मा, मनहरण लाल राठौर, नारायण लाल कुर्रे, गजानंद साहु, राकेश पंकज, अशोक लोध, गिरधारी बरेठ, डॉ. डी.आर. नेताम, संजू अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
