16 May 2026 कोरबा: वेदांता लिमिटेड छत्तीसगढ़ थर्मल पावर प्लांट, सिंघीतराई में हुए भीषण हादसे में 25 मजदूरों की मौत के मामले की जांच के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा गठित जांच समिति शुक्रवार को प्लांट पहुंची। समिति ने प्लांट प्रबंधन एवं संबंधित अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी ली और हादसे से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जवाब तलब किया।

जांच समिति का नेतृत्व पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने किया। उनके साथ पूर्व मंत्री एवं खरसिया विधायक उमेश पटेल, पूर्व मंत्री नोबेल वर्मा, विधायक रामकुमार यादव, अटल श्रीवास्तव, बालेश्वर साहू, राघवेंद्र सिंह, शेषराज हरवंश, फूलसिंह राठिया, जिला कांग्रेस अध्यक्ष रश्मि गबेल, राजेश अग्रवाल एवं मुकेश राठौर सहित अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
समिति ने वेदांता प्रबंधन के जिम्मेदार अधिकारियों के साथ बैठक कर हादसे के कारणों, सुरक्षा व्यवस्था एवं कार्यप्रणाली को लेकर चर्चा की। इस दौरान ओएंडएम हेड सुशीम बेहरा, एनजीएसएल प्लांट हेड राजेश सक्सेना, मेंटेनेंस हेड सुशील कुमार, ऑपरेशन हेड सरोज प्रसाद, अमोल महले एवं देवेंद्र कुमार पटेल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कांग्रेस की जांच समिति ने प्रबंधन से कुछ निर्धारित बिंदुओं पर लिखित जानकारी मांगी है, जिसके लिए प्रबंधन ने तीन दिन का समय लिया है।
बैठक के बाद पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि हादसे की तीन स्तरों पर जांच जारी है। जिला स्तर पर एसडीएम के नेतृत्व में जांच हो रही है, राज्य स्तर पर कमिश्नर की अगुवाई में जांच चल रही है, वहीं केंद्र सरकार के निर्देश पर केंद्रीय तकनीकी टीम भी मामले की जांच कर रही है। कांग्रेस की जांच समिति भी पूरे मामले की गंभीरता से पड़ताल कर रही है ताकि हादसे की वास्तविक वजह सामने आ सके।
उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी अधिकारी या ठेका कंपनी की लापरवाही सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। गिरफ्तारी के संबंध में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि किसी भी मामले में जांच पूरी होने के बाद ही गिरफ्तारी की प्रक्रिया आगे बढ़ती है, संभवतः इसी कारण अब तक पुलिस द्वारा गिरफ्तारी नहीं की गई है।

इसके बाद कांग्रेस जांच समिति ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर जिला प्रशासन के अधिकारियों से भी चर्चा की। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी वासु जैन एवं पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर उपस्थित रहे।
