पेट्रोल-डीजल संकट, महंगाई और उर्वरक कमी को लेकर कांग्रेस का तीखा प्रहार
15 May 2026 कोरबा: छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयसिंह अग्रवाल ने शुक्रवार को आयोजित पत्रकारवार्ता में केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से की गई हालिया अपील ने “जनता के जख्मों पर नमक छिड़कने” का काम किया है। जयसिंह अग्रवाल ने आरोप लगाया कि पिछले दो महीनों से देश और विशेषकर छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में पेट्रोल, डीजल और गैस संकट बना हुआ है, वहीं दूसरी ओर महंगाई लगातार आम आदमी की कमर तोड़ रही है। ऐसे समय में प्रधानमंत्री द्वारा लोगों को खाद, तेल, गैस और सोने के उपयोग में कटौती की सलाह देना जनता की परेशानियों का मजाक उड़ाने जैसा है।

“किसानों को खाद नहीं, सलाह मिल रही”
पत्रकारवार्ता में जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि देश में पिछले कई वर्षों से उर्वरकों की भारी कमी बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने के बजाय केंद्र सरकार बार-बार यूरिया का उपयोग कम करने की अपील कर रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में लगभग 15 लाख मीट्रिक टन उर्वरक की आवश्यकता है, लेकिन अब तक बेहद सीमित मात्रा में ही सोसायटियों तक खाद पहुंच पाई है। इससे किसानों की उत्पादकता घट रही है और वे कर्ज के बोझ तले दबते जा रहे हैं।
“मोदी कह रहे काम मत करो”
जयसिंह अग्रवाल ने प्रधानमंत्री की “वर्क फ्रॉम होम” अपील पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि देश का बड़ा वर्ग ऐसा है जो रोज कमाता और रोज खाता है। उन्होंने कहा कि फेरी लगाने वाले, मजदूर, छोटे दुकानदार और फील्ड में काम करने वाले लोग घर बैठकर अपना परिवार कैसे चलाएंगे। उन्होंने पंडित जवाहरलाल नेहरू के कथन “आराम हराम है” का जिक्र करते हुए कहा कि आज देश को काम करने की प्रेरणा देने के बजाय घर बैठने की सलाह दी जा रही है।

“महंगाई ने बिगाड़ दिया रसोई का बजट”
कांग्रेस नेता ने कहा कि रसोई गैस, खाद्य तेल, दाल, आटा और अन्य आवश्यक वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं को तेल और गैस कम उपयोग करने की सलाह देना इस बात का प्रमाण है कि सरकार महंगाई नियंत्रित करने में विफल रही है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2013 की तुलना में आज सोने की कीमत लगभग पांच गुना तक बढ़ चुकी है। साथ ही पेट्रोल, डीजल और घरेलू जरूरत की लगभग हर वस्तु महंगी हो गई है।
आवश्यक सामग्री के दामों में बेतहाशा बढ़ोतरी

“मोदी खुद विदेश यात्रा पर करोड़ों खर्च कर रहे”
जयसिंह अग्रवाल ने प्रधानमंत्री की विदेश यात्राओं को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एक ओर जनता को विदेश यात्रा और सोना खरीदने से बचने की सलाह दी जा रही है, वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री स्वयं करोड़ों रुपये विदेश दौरों पर खर्च कर चुके हैं।
“आम आदमी कर्जदार हो गया”
पत्रकारवार्ता में कांग्रेस नेता ने दावा किया कि बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई, टोल टैक्स, महंगे रेल किराए और जीएसटी के कारण आम परिवारों की बचत लगातार घट रही है। उन्होंने कहा कि देश में बड़ी संख्या में परिवार अब अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए कर्ज लेने को मजबूर हैं।
“मोदी सरकार ने तेल भंडारण क्षमता नहीं बढ़ाई”
जयसिंह अग्रवाल ने आरोप लगाया कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने क्रूड ऑयल भंडारण के लिए कोई नया बड़ा केंद्र विकसित नहीं किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान भंडारण परियोजनाओं की शुरुआत पूर्ववर्ती यूपीए सरकार के दौरान हुई थी।
“मोदी से देश नहीं संभल रहा” — जयसिंह अग्रवाल
पत्रकारवार्ता के अंत में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि देश आर्थिक और महंगाई संकट से गुजर रहा है, लेकिन केंद्र सरकार स्थिति संभालने में असफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों के साथ व्यापक चर्चा करने के बजाय सरकार जनता से ही कटौती करने की अपील कर रही है।
