कोरबा में महंगाई और पेट्रोल-डीजल संकट को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, जयसिंह अग्रवाल बोले- जमीनी हालात चिंताजनक

19 May 2026 कोरबा: बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल संकट, गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि तथा उर्वरक एवं यूरिया खाद की किल्लत को लेकर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन लगातार तेज होता जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर 17 मई से 20 मई तक जिला एवं ब्लॉक स्तर पर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा द्वारा पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के नेतृत्व में पावर हाउस रोड स्थित एसएस प्लाजा कॉम्प्लेक्स में प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए आम जनता और किसानों को राहत देने की मांग की।

पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि औद्योगिक जिला कोरबा में पेट्रोल और डीजल की भारी किल्लत चिंताजनक स्थिति पैदा कर रही है। उन्होंने कहा कि कोरबा में कोयला परिवहन, राखड़ परिवहन, बिजली उत्पादन और अन्य औद्योगिक गतिविधियां बड़े पैमाने पर डीजल-पेट्रोल पर निर्भर हैं, लेकिन इसके बावजूद आम लोगों को पर्याप्त ईंधन नहीं मिल पा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि शासन-प्रशासन लगातार पर्याप्त स्टॉक होने का दावा कर रहा है, जबकि जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। जिले के अधिकांश पेट्रोल पंपों में ईंधन उपलब्ध नहीं है और जहां पेट्रोल मिल रहा है, वहां भी चार पहिया वाहनों को केवल 500 रुपये तथा दो पहिया वाहनों को 100 रुपये तक का ही पेट्रोल दिया जा रहा है। इस कारण लोग अलग-अलग पंपों में लंबी कतारों में खड़े होने को मजबूर हैं।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने कहा कि खेती-किसानी के इस महत्वपूर्ण समय में डीजल संकट ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है, क्योंकि खेती का अधिकांश कार्य ट्रैक्टरों के माध्यम से होता है। वहीं शहर जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नत्थूलाल यादव ने कहा कि उर्वरक और खाद की कमी से किसानों की उत्पादन क्षमता प्रभावित हो रही है और ऊपर से डीजल संकट ने उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर कर दी है। उन्होंने कहा कि यदि यही स्थिति बनी रही तो आने वाले समय में महंगाई और बढ़ेगी।

प्रदर्शन में पूर्व सभापति श्याम सुंदर सोनी, पीसीसी सचिव बी.एन. सिंह, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहु, पूर्व अध्यक्ष सपना चौहान, गजानंद प्रसाद साहु, नारायण कुर्रे, पुष्पा पात्रे, पालूराम साहु, राजेंद्र तिवारी, गोरेलाल यादव, बसंत चंद्रा, दुष्यंत शर्मा, गिरधारी बरेठ, संतोष यादव, सुरेश पटेल, संजू अग्रवाल, डॉ. डी.आर. नेताम, पार्षद रवि सिंह चंदेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और महिला कांग्रेस सदस्य मौजूद रहे।

कांग्रेस नेताओं ने केंद्र एवं राज्य की भाजपा सरकार पर महंगाई नियंत्रित करने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए आम जनता और किसानों को राहत देने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *