राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर कांग्रेस का श्रद्धांजलि कार्यक्रम, जयसिंह अग्रवाल बोले – देश को नई दिशा देने वाले दूरदर्शी नेता थे राजीव गांधी

21 May 2026 कोरबा: पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न राजीव गांधी की 35वीं पुण्यतिथि पर जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के तैल चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा आतंकवाद विरोध दिवस के रूप में शपथ भी ली।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि राजीव गांधी के नेतृत्व में देश ने आर्थिक, सामाजिक, राजनीतिक और तकनीकी क्षेत्रों में नई उपलब्धियां हासिल कीं। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी पंचायती राज व्यवस्था के प्रबल समर्थक थे और गांवों को निर्णय लेने का अधिकार देकर लोकतंत्र की नींव मजबूत करना चाहते थे।

पूर्व सभापति श्यामसुंदर सोनी ने कहा कि राजीव गांधी दूरदर्शी एवं आत्मविश्वासी नेता थे, जिन्होंने 21वीं सदी के भारत का सपना देखा। उन्होंने देश में कंप्यूटर और दूरसंचार क्रांति की शुरुआत कर आधुनिक भारत की नींव रखी।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश कुमार राठौर ने कहा कि राजीव गांधी ने महिलाओं के सशक्तिकरण एवं उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी के प्रयास राष्ट्र निर्माण और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत को नई पहचान दिलाने के लिए समर्पित थे।

प्रदेश कांग्रेस सचिव बी.एन. सिंह ने कहा कि राजीव गांधी ने ग्राम विकास एवं समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए कई योजनाएं लागू कीं। उन्होंने कहा कि आज संचार क्रांति और मोबाइल तकनीक का लाभ आम जनता तक पहुंच रहा है, जो राजीव गांधी की दूरदृष्टि का परिणाम है।

नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहु ने कहा कि राजीव गांधी ने युवाओं को मतदान का अधिकार देने के लिए मतदान की आयु 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष की। उन्होंने सूचना का अधिकार और रोजगार योजनाओं को भी कांग्रेस की बड़ी उपलब्धि बताया।

कार्यक्रम में कांग्रेस ओबीसी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष गजानंद प्रसाद साहू, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष नारायण कुर्रे, इंटक नेता विकास सिंह, वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री रेखा त्रिपाठी, एनएसयूआई अध्यक्ष मनमोहन राठौर, जिला महामंत्री एवं पार्षद रवि सिंह चंदेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने आतंकवाद एवं हिंसा के खिलाफ एकजुट होकर सामाजिक सद्भाव, अहिंसा और मानवता की रक्षा का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *