स्व. बिसाहूदास महंत के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता – डॉ. चरणदास महंत

02 April 2026 कोरबा:छत्तीसगढ़ के जननेता और प्रदेश की अस्मिता के दैदीप्यमान नक्षत्र स्वर्गीय बिसाहूदास महंत की 102वीं जयंती के अवसर पर ओपन थियेटर घंटाघर के पास स्थित बिसाहूदास महंत स्मृति उद्यान में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं कांग्रेस नेताओं ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त करते हुए नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि स्व. बिसाहूदास महंत का छत्तीसगढ़ और देश की राजनीति में योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। वे जनप्रिय राजनेता थे और चार बार मध्य प्रदेश में कैबिनेट मंत्री तथा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने ऐतिहासिक कार्य किए। उन्होंने कहा कि वे कबीरपंथी होने के साथ-साथ गांधीवादी विचारक भी थे और सादा जीवन, उच्च विचार को जीवन का सर्वोच्च मूल्य मानते थे। उनकी सरलता, सहजता और मिलनसारिता उन्हें एक जीवंत व्यक्तित्व बनाती थी।

पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि स्व. बिसाहूदास महंत अपनी ओजस्वी शैली और कुछ कर दिखाने के जज्बे के कारण संसदीय जगत के पुरोधा माने जाते थे। उन्होंने पृथक छत्तीसगढ़ राज्य, छत्तीसगढ़ी भाषा और यहां की समृद्ध संस्कृति का सपना देखा था। उन्होंने कहा कि आज भले ही महंत जी हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन हम सभी को उनके त्यागमय जीवन से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। वे राजनीति को सेवा का माध्यम मानते थे और विद्यार्थी जीवन से ही स्वतंत्रता आंदोलन के प्रति उनका गहरा लगाव था।

पूर्व विधायक पुरुषोत्तम कंवर ने कहा कि स्व. बिसाहूदास महंत की स्मृतियों को सहेजना और उनके मानवीय संवेदनाओं के पक्ष को उजागर करना आवश्यक है, क्योंकि वे छत्तीसगढ़ की माटी के सच्चे जनसेवक थे।

पूर्व विधायक मोहित केरकेट्टा ने कहा कि स्व. बिसाहूदास महंत के विचार, सिद्धांत और अनुशासन आज भी सामुदायिक कल्याण के परिप्रेक्ष्य में अत्यंत प्रासंगिक हैं। वहीं कटघोरा नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल ने कहा कि उन्होंने अपनी कुशाग्र बुद्धि का उपयोग मानव सेवा, विशेषकर पीड़ितों के हित में किया। वे जितने धीर और गंभीर थे, उतने ही विनोदी स्वभाव के भी थे।

कार्यक्रम की शुरुआत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं कांग्रेस नेताओं ने स्व. बिसाहूदास महंत की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद, जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर, ग्रामीण अध्यक्ष मनोज चौहान, पूर्व सभापति श्याम सुंदर सोनी, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू, पूर्व अध्यक्ष नत्थू लाल यादव, सुरेंद्र प्रताप जायसवाल, हरीश परसाई, उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ठाकुर, विभिन्न ब्लॉक अध्यक्षों एवं सभी मंडल अध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *