पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने मुख्यमंत्री साय को लिखा पत्र, बालको से ध्यानचंद चौक–रिस्दी चौक मार्ग के शीघ्र निर्माण की मांग

03 April 2026 कोरबा: छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व केबिनेट मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने 03 अप्रैल 2026 को प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर ध्यानचंद चौक (दर्री बैराज) से परसाभाठा चौक होते हुए रिस्दी चौक तक की जर्जर हो चुकी सड़क के शीघ्र निर्माण की मांग की है। उन्होंने कहा कि भारत एल्युमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) के भारी औद्योगिक उपयोग के कारण यह मार्ग अत्यंत खराब और खतरनाक स्थिति में पहुंच चुका है, जिससे आम नागरिकों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा है।

पत्र में उन्होंने उल्लेख किया है कि उक्त सड़क का उपयोग 90 प्रतिशत से अधिक बालको प्रबंधन द्वारा किया जाता है। प्रतिदिन इस मार्ग से बालको के हजारों भारी वाहन एल्युमिनियम पाउडर, कोयला, एल्युमिनियम उत्पाद, फ्लाई ऐश एवं भारी मशीनरी के परिवहन के लिए गुजरते हैं। लगातार भारी वाहनों के दबाव के कारण कम क्षमता से बनी यह सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है और आमजन के लिए जोखिम भरी बन गई है।

जयसिंह अग्रवाल ने यह भी कहा कि भारी औद्योगिक वाहनों के दबाव के कारण सड़क के साथ-साथ इस मार्ग पर स्थित पुल-पुलियों की स्थिति भी खतरनाक हो गई है। बेलगिरी नाला और ढेंगुरनाला के पुल सहित कई छोटे पुल जर्जर और जोखिमपूर्ण अवस्था में पहुंच चुके हैं, जो कभी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि बालको प्रबंधन की अनदेखी का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है और इस मार्ग पर दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है।

पूर्व मंत्री ने अपने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि वर्तमान में बालको परियोजना विस्तार के लिए 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश प्रस्तावित है। ऐसे में औद्योगिक वाहनों का दबाव और अधिक बढ़ेगा, जिससे सड़क और पुल-पुलियों की स्थिति और खराब होने की आशंका है।

उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि उक्त मार्ग की सड़क तथा पुल-पुलियों का निर्माण बालको अपने मद से शीघ्र कराए और उन्हें औद्योगिक भार के अनुरूप पुनर्निर्मित किया जाए। साथ ही जिला प्रशासन और बालको प्रबंधन के बीच इस विषय पर उच्चस्तरीय बैठक कराने के निर्देश दिए जाएं, ताकि आवश्यक राशि स्वीकृत कर जनसुरक्षा और जनहित को ध्यान में रखते हुए कार्य जल्द शुरू किया जा सके।

जयसिंह अग्रवाल ने मुख्यमंत्री से इस विषय को शीघ्र संज्ञान में लेकर जिला प्रशासन को आवश्यक निर्देश देने का अनुरोध किया है, जिससे क्षेत्र के नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *