02 April 2026 कोरबा: पवनपुत्र भगवान श्री हनुमान जी की जयंती के पावन अवसर पर पूरे कोरबा जिले में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अखंड रामायण पाठ, सुंदरकांड पाठ एवं हनुमान चालीसा के आयोजन बड़े ही श्रद्धा भाव से किए जा रहे हैं। साथ ही श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारों का आयोजन कर सेवा भाव का भी परिचय दिया जा रहा है।

इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने शहर के विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर धार्मिक आयोजनों में सहभागिता की। उन्होंने लक्ष्मी नारायण मंदिर दर्री रोड कोरबा, आरपी नगर फेस-2, बजरंग चौक बांकीमोंगरा, नेहरू नगर बालको, एम.पी. नगर कोरबा सहित विभिन्न मंदिरों में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होकर भगवान श्री हनुमान जी की पूजा-अर्चना की।

इस दौरान जयसिंह अग्रवाल ने प्रदेश एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और उन्नति की कामना की। उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया एवं आमजन और गणमान्य नागरिकों से मिलकर हनुमान जयंती की शुभकामनाएं दीं।

अपने संदेश में उन्होंने कहा कि भगवान श्री हनुमान जी शक्ति, भक्ति और समर्पण के प्रतीक हैं। उनके आदर्शों को अपनाकर समाज में सकारात्मक ऊर्जा, सेवा भाव और एकता को बढ़ावा दिया जा सकता है।

हनुमान जयंती के इस पावन अवसर पर आयोजित धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों ने कोरबा में धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक समरसता और सेवा भावना का भी सुंदर संदेश दिया है।
