19 April 2026 कोरबा: जिला कांग्रेस कार्यालय टी.पी. नगर कोरबा के सामने शीतल शरबत वितरण केंद्र (शरबत मंदिर) का विधिवत शुभारंभ पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल द्वारा किया गया। इस सेवा कार्य का संचालन शांति देवी मेमोरियल सोसाइटी के माध्यम से किया जा रहा है। शुभारंभ के अवसर पर जयसिंह अग्रवाल ने राहगीरों को शीतल शरबत पिलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के मौसम में राहगीरों को शीतल पेयजल एवं शरबत उपलब्ध कराना एक पुनीत कार्य है। यह मार्ग शहर का प्रमुख मार्ग होने के कारण यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है, जिन्हें अब नियमित रूप से शीतल शरबत उपलब्ध कराया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि पिछले 15 वर्षों से जयसिंह अग्रवाल द्वारा इसी स्थल पर प्रतिवर्ष निःशुल्क शीतल जल एवं शरबत का वितरण कराया जा रहा है, जिसे लोगों का लगातार अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। क्षेत्रवासियों ने इस पहल को सराहनीय और जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया है।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने कहा कि “जलदान ही महादान” की परंपरा का निर्वहन करते हुए यह सेवा कार्य समाज के लिए अनुकरणीय है। वहीं नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहु ने जानकारी दी कि यहां प्रतिदिन मैंगो, ऑरेंज, नींबू, चीकू, अनानास सहित विभिन्न फ्लेवर के शरबत वितरित किए जाएंगे।

कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के जिला अध्यक्ष नारायण कुर्रे ने कहा कि प्यासे को पानी पिलाना मानवता की सच्ची सेवा है। पूर्व जिला अध्यक्ष सपना चौहान ने भी इस पहल को पुण्य कार्य बताते हुए कहा कि इससे प्रतिदिन हजारों लोगों को राहत मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान जयसिंह अग्रवाल ने स्वयं भी शरबत का स्वाद चखा और उपस्थित जनों के साथ सेवा कार्य में सहभागिता निभाई। इस अवसर पर धुरपाल सिंह कंवर, राकेश पंकज, एफ.डी. मानिकपुरी, रवि चंदेल, डॉ. रामगोपाल कुर्रे, सुखसागर निर्मलकर, अविनाश बंजारे, सुभाष राठौर, मस्तुल कंवर, बद्रीकिरण, महेंद्र थवाईत (गुड्डु), पीयूष पांडेय, गिरधारी बरेठ, रमेश वर्मा, अशोक कंवर, जीवन चौहान, रथलाल चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
