05 May 2026 कोरबा: घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और रोजमर्रा की वस्तुओं में लगातार हो रही महंगाई के खिलाफ जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा ने मंगलवार को निहारिका स्थित घंटाघर चौक में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर एवं मनोज चौहान के संयोजन में आयोजित इस प्रदर्शन में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर सिर पर उठाकर केंद्र सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई।
रामपुर विधायक फुलसिंह राठिया ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि फरवरी से अब तक व्यावसायिक गैस सिलेंडर के दामों में लगभग 1380 रुपये की वृद्धि हो चुकी है, जिसमें 993 रुपये की बढ़ोतरी एक दिन में की गई सबसे बड़ी वृद्धि है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार चुनाव के दौरान कीमतों को नियंत्रित रखती है और चुनाव समाप्त होते ही जनता पर महंगाई का बोझ डाल देती है।

जिलाध्यक्ष (ग्रामीण) मनोज चौहान ने कहा कि बढ़ती महंगाई का सीधा असर आम जनता के जीवन पर पड़ रहा है और आने वाले समय में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भी बढ़ोतरी की आशंका है। उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में गैस सिलेंडर की कीमतों में करीब 45 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता शेख इश्तियाक ने कहा कि महंगाई से देश का मध्यम वर्ग और कमजोर वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहा है। वहीं वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री रेखा त्रिपाठी ने कहा कि व्यावसायिक गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि से छोटे ढाबे, ठेले और रेस्टोरेंट संचालकों के सामने संकट खड़ा हो गया है।
महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम द्विवेदी ने सवाल उठाया कि यदि आपूर्ति बाधित है तो बढ़े हुए दामों पर गैस कैसे उपलब्ध हो रही है। ग्रामीण महिला अध्यक्ष प्रभा तंवर ने कहा कि महंगाई के कारण गांवों में लोग फिर से लकड़ी के चूल्हे का उपयोग करने को मजबूर हो रहे हैं।
ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष गजानंद प्रसाद साहू ने कहा कि बढ़ती महंगाई के खिलाफ जनता को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी, तभी सरकार इस पर ध्यान देगी।
प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मांग की कि व्यावसायिक गैस सिलेंडर में की गई 993 रुपये की वृद्धि तत्काल वापस ली जाए, 5 और 10 किलो सिलेंडरों में हुई 200 रुपये की बढ़ोतरी रद्द की जाए तथा आम जनता और छोटे व्यापारियों को राहत देने के लिए सब्सिडी बहाल की जाए। साथ ही महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस नीति लागू करने की मांग की गई।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार इन जनविरोधी फैसलों को वापस नहीं लेती है तो पार्टी आने वाले समय में व्यापक जनआंदोलन करेगी।
