महंगाई से त्रस्त जनता की आवाज बनी कांग्रेस, बालकोनगर में जोरदार धरना-प्रदर्शन

20 May 2026 कोरबा: बालकोनगर के परसाभाठा बाजार चौक में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों एवं लगातार बढ़ती महंगाई के खिलाफ जोरदार धरना-प्रदर्शन एवं जनजागरण अभियान चलाया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और आम नागरिक मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस, खाद्य सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुओं के साथ-साथ सोना-चांदी की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि से आम जनता, मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों का जीवन प्रभावित हो रहा है। नेताओं ने आरोप लगाया कि ईरान-इजराइल युद्ध के बाद वैश्विक स्तर पर ईंधन संकट की आशंका के बावजूद केंद्र सरकार देशहित में ठोस रणनीति बनाने में विफल रही, जिसका असर आम जनता पर पड़ रहा है।

धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “महंगाई” का प्रतीकात्मक जनाजा निकालकर परसाभाठा चौक में विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण आम आदमी की कमर टूट चुकी है और गरीब परिवारों के लिए दो वक्त की रोटी जुटाना भी मुश्किल हो गया है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने बताया कि छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार 17 मई से 20 मई 2026 तक पूरे प्रदेश में महंगाई के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत कोरबा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के बीच पहुंचकर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद कर रहे हैं।

धरना-प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष (शहर) मुकेश कुमार राठौर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष (ग्रामीण) मनोज चौहान, पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद, युवा कांग्रेस अध्यक्ष राकेश पंकज, बालको नगर ब्लॉक अध्यक्ष ए.डी. जोशी सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में कांग्रेसजनों ने केंद्र सरकार से पेट्रोल-डीजल एवं रसोई गैस की कीमतों में तत्काल राहत देने तथा आम जनता को महंगाई से राहत पहुंचाने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *