16 Aug 2026 कोरबा: कोरबा यूथ मलयाली समाज द्वारा आज पारंपरिक ओणम उत्सव का आयोजन किया गया। समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयसिंह अग्रवाल विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने समाज के सदस्यों एवं आयोजन समिति के साथ उत्सव की खुशियां साझा करते हुए सभी को ओणम पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर श्री अग्रवाल ने मलयाली समाज द्वारा परंपरागत रूप से तैयार किए गए विभिन्न दक्षिण भारतीय व्यंजनों एवं प्रसाद का आनंद लिया। उन्होंने आयोजन की आत्मीयता, अनुशासन और सांस्कृतिक रंगों की सराहना करते हुए आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
श्री अग्रवाल ने कहा कि ओणम केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रेम, सद्भाव, समृद्धि और सामाजिक एकता का संदेश देने वाली हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा है। कोरबा की पहचान विविध संस्कृतियों और परंपराओं के सुंदर संगम से बनी है। ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखने के साथ समाज में आपसी भाईचारे को भी मजबूत करते हैं।

उन्होंने कोरबा यूथ मलयाली समाज के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों एवं आयोजन से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि सांस्कृतिक पर्व समाज को जोड़ने तथा आपसी सौहार्द को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कोरबा यूथ मलयाली समाज सहित सभी नागरिकों को ओणम की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व हर परिवार के जीवन में प्रेम, समृद्धि, सुख और खुशियां लेकर आए।
