पंडित नेहरू की पुण्यतिथि पर कांग्रेस ने किया याद, राष्ट्र निर्माण में योगदान को किया नमन

27 May 2026 कोरबा: भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की 62वीं पुण्यतिथि पर जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा शहर द्वारा जिला कांग्रेस कार्यालय टीपी नगर कोरबा में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने पंडित नेहरू के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर दो मिनट का मौन रख श्रद्धांजलि दी तथा उनके विचारों एवं सिद्धांतों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने कहा कि पं. जवाहर लाल नेहरू ने स्वतंत्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री के रूप में 17 वर्षों के सफल कार्यकाल में देश को मजबूत औद्योगिक ढांचा प्रदान किया, वैज्ञानिक विकास को गति दी, हरित क्रांति की नींव रखी तथा गुटनिरपेक्ष नीति और विश्व बंधुत्व के सिद्धांतों के माध्यम से भारत को वैश्विक स्तर पर महत्वपूर्ण पहचान दिलाई। उन्होंने कहा कि नेहरू जी ने महात्मा गांधी के साथ स्वतंत्रता संग्राम में सक्रिय भूमिका निभाकर देश की आजादी में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

कांग्रेस ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष गजानंद साहु ने कहा कि भारत रत्न पंडित जवाहर लाल नेहरू ने भारतीय राजनीति एवं सामाजिक चिंतन में अमिट छाप छोड़ी और अपने व्यक्तित्व एवं कार्यों से इतिहास में अमर स्थान बनाया।

कांग्रेस अजा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष नारायण कुर्रे ने नेहरू जी को कुशल राजनीतिज्ञ, सामाजिक एवं आर्थिक चिंतक, उच्चकोटि के लेखक और पंचशील सिद्धांत के स्थापक बताते हुए उन्हें कोटि-कोटि नमन किया। उन्होंने कहा कि नेहरू जी केवल राजनीतिज्ञ नहीं बल्कि बहुमुखी प्रतिभा सम्पन्न महान व्यक्तित्व थे, जिन्हें विश्वभर में सम्मान प्राप्त हुआ।

कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष प्रदीप पुराणे ने कहा कि पं. नेहरू ने भारत में लोकतंत्र को मजबूत करने और सभी को समानता एवं मानवीय प्रतिष्ठा दिलाने के लिए निरंतर कार्य किया।

ब्लॉक अध्यक्ष पालुराम साहु ने कहा कि बच्चों के प्रति विशेष स्नेह के कारण ही नेहरू जी को “चाचा नेहरू” कहा गया और आज भी उनका जन्मदिन बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है।

बालको ब्लॉक अध्यक्ष एडी जोशी ने नेहरू जी को उच्चकोटि का लेखक बताते हुए कहा कि उनकी पुस्तकें डिस्कवरी ऑफ इंडिया एवं ग्लिम्प्सेस ऑफ वर्ल्ड हिस्ट्री उनकी विद्वता का परिचायक हैं।

युवा कांग्रेस अध्यक्ष राकेश पंकज ने कहा कि पं. नेहरू की बहुमुखी प्रतिभा, उदारता और राष्ट्र निर्माण में योगदान उन्हें भारत रत्न के रूप में स्थापित करता है।

कार्यक्रम में गिरधारी बरेठ, मनहरण राठौर (इंटक), डॉ. रामगोपाल यादव, अनुज जायसवाल, रवि सिंह चंदेल, अजीत बर्मन, आरिफ खान, शशि अग्रवाल, ममता अग्रवाल, संगीता श्रीवास, माधुरी ध्रुव, लक्ष्मी महंत, हरविंदर सिंह, टीआर बरेठ, नितेश यादव, निकित खलखो, रजनी भारती, सुखनंदन सोनकर, वैभव कश्यप, सविता चौहान, शांति साहु, राजकुमार ज्ञानचंदानी सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *