कोरबा में ब्लॉक एवं मंडल अध्यक्षों का शपथ-ग्रहण एवं सम्मान समारोह सम्पन्न, जयसिंह अग्रवाल मुख्य अतिथि रहे

07 Feb 2026 कोरबा: कोरबा विधानसभा क्षेत्र के ब्लॉक एवं मंडल अध्यक्षों के शपथ-ग्रहण एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के चारों ब्लॉक अध्यक्षों एवं दसों मंडल अध्यक्षों को शपथ दिलाई।

कार्यक्रम में बालको, दर्री-जमनीपाली, कुसमुण्डा एवं कोरबा ब्लॉक के अध्यक्ष क्रमशः ए.डी. जोशी, राजेन्द्र तिवारी, बसंत चंद्रा और पालुराम साहु सहित मंडल अध्यक्ष देवीदयाल सोनी, बुद्धेश्वर चौहान, रोपा तिर्की, इकबाल कुरैशी, सुरती कुलदीप, अश्वनी पटेल, सुकसागर निर्मलकर, प्रदीप जायसवाल, मनीष शर्मा एवं जवाहर निर्मलकर को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री अग्रवाल ने कहा कि सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों के लिए यह परीक्षा का समय है। प्रदेश कांग्रेस एवं एआईसीसी ने उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, इसलिए कार्यकर्ताओं एवं आमजन को सचेत रहने की आवश्यकता है — चाहे वह एसआईआर का मामला हो, धान खरीदी का विषय हो या मनरेगा से जुड़ा मुद्दा।

उन्होंने आरोप लगाया कि कोरबा विधानसभा में फर्जी आवेदन लगाकर पात्र मतदाताओं के नाम विलोपित कराए जा रहे हैं, जो कांग्रेस विचारधारा से जुड़े हैं। साथ ही मनरेगा के नियमों में बदलाव के नाम पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का नाम हटाकर योजना को कमजोर किया गया है। उन्होंने कहा कि धान खरीदी केन्द्रों की अव्यवस्था से किसान परेशान रहे और खरीदी बंद होने के बाद भी कई किसान धान बेचने से वंचित रह गए। इस स्थिति में बूथ स्तर पर जिम्मेदारी निभाना आवश्यक है।

नवनियुक्त ब्लॉक एवं मंडल अध्यक्षों ने अपने उद्बोधन में कहा कि एआईसीसी के मुद्दों को लेकर सभी को साथ लेकर कार्य करेंगे तथा बूथ स्तर पर कांग्रेस को मजबूत बनाया जाएगा।

समारोह को जिला अध्यक्ष मुकेश राठौर, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहु एवं इंटक अध्यक्ष रामइकबाल ने भी संबोधित किया।

कार्यक्रम में दर्री-जमनीपाली, कुसमुण्डा, बालको एवं कोरबा क्षेत्र के कांग्रेस नेता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष सुधीर जैन ने किया तथा आभार प्रदर्शन पूर्व जिला अध्यक्ष नत्थूलाल यादव ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *