एक के बाद एक जघन्य वारदातों से दहला कोरबा, कानून व्यवस्था पर कांग्रेस का तीखा प्रहार

मुख्यमंत्री को पत्र लिख शहर अध्यक्ष ने सिलसिलेवार अपराध गिनाए, शीर्ष पुलिस अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग

01 July 2026 कोरबा: जिले में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस के कोरबा शहर अध्यक्ष मुकेश राठौर ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर जिले की कानून व्यवस्था की उच्चस्तरीय समीक्षा कराने, शीर्ष पुलिस अधिकारियों की जवाबदेही तय करने तथा अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मुकेश राठौर ने पत्र में कहा है कि कोरबा में हत्या, लूट, जानलेवा हमले और महिलाओं के खिलाफ अपराधों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इससे आम नागरिकों में भय का माहौल है और अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। उनका आरोप है कि जिले की कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और जिम्मेदार अधिकारी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में असफल रहे हैं।

उन्होंने पत्र में हाल के कई चर्चित मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि सार्वजनिक उपक्रमों की कोयला खदानों तक में अपराधियों का दबदबा देखने को मिल रहा है। सरायपाली कोयला खदान में गुटीय संघर्ष के दौरान गोली मारकर हत्या की घटना हुई, जबकि खदानों में घुसकर सुरक्षा बल के जवानों को बंधक बनाकर डीजल और कबाड़ लूटने जैसी वारदातें सामने आईं। उन्होंने कहा कि कुछ मामलों में पुलिस कर्मियों की कथित मिलीभगत सामने आने पर उनके खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज करनी पड़ी।

राठौर ने कहा कि अपराध केवल खदान क्षेत्रों तक सीमित नहीं हैं। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में भी अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने रशियन हॉस्टल के पास लोहे का पुल काटकर चोरी करने, कटघोरा के घुचापुर में भाजपा नेता अक्षय गर्ग की हत्या, रजगामार में महिला की हत्या, सीतामढ़ी मोतीसागर पारा में युवक की पीट-पीटकर हत्या, पवन टॉकीज रेलवे क्रॉसिंग के पास हत्या, कोतवाली थाने में नशेड़ी द्वारा हंगामा, सिल्वर सेंटर संचालक की हत्या, स्क्रैप व्यापारी अशरफ समेत तीन लोगों की हत्या तथा चैतमा में युवक की हत्या कर शव के टुकड़े किए जाने जैसी घटनाओं का उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि ये केवल कुछ चर्चित मामले हैं। पिछले ढाई वर्षों में जिले में सैकड़ों गंभीर आपराधिक घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन अपराध पर प्रभावी अंकुश नहीं लगाया जा सका है। इससे लोगों में असुरक्षा की भावना लगातार बढ़ रही है।

महिला सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए राठौर ने कहा कि बालको क्षेत्र में एक किशोरी को ब्लैकमेल कर सामूहिक दुष्कर्म किया गया, जबकि हाल ही में पंप हाउस क्षेत्र में घर लौट रही युवती पर चाकू से हमला किया गया। उन्होंने कहा कि अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि रास्ते से वाहन नहीं हटाने पर पुलिस अधिकारी के पुत्र को बोलेरो से कुचल दिया गया। वहीं कोसाबाड़ी में भाजपा नेता पर भी जानलेवा हमला किया गया।

राठौर ने यह भी कहा कि नवपदस्थ कोतवाली थाना प्रभारी का कुछ ही घंटों में राजनीतिक दबाव के चलते तबादला होना पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने हाल ही में ज्वेलरी दुकान में कट्टा लेकर घुसे तीन बदमाशों द्वारा लूट के प्रयास का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि दुकान संचालक साहस नहीं दिखाता तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी। इस घटना ने स्पष्ट कर दिया है कि अपराधियों में पुलिस का भय लगभग समाप्त हो चुका है।

कांग्रेस शहर अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से जिले की कानून व्यवस्था की उच्चस्तरीय समीक्षा कराने, पुलिस प्रशासन की जवाबदेही तय करने तथा अपराधियों के खिलाफ कठोर और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *