26 Dec 2025 कोरबा: धान खरीदी केंद्रों में किसानों को हो रही लगातार परेशानियों को देखते हुए छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने दादरखुर्द, सुमेधा एवं नागिनभांठा धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
इस दौरान उनके साथ जिला कांग्रेस कोरबा शहर अध्यक्ष मुकेश राठौर, पूर्व जिला अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता नत्थूलाल यादव, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहु, उप नेता प्रतिपक्ष डॉ. रामगोपाल कुर्रे, पार्षद एवं अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष नारायण कुर्रे, पार्षद बद्री किरण, पूर्व पार्षद पालूराम साहु, मनक राम साहु, डॉ. रामगोपाल यादव, प्रदीप जायसवाल, जिला कांग्रेस कोषाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिनिधि विनोद अग्रवाल, संजय अग्रवाल, अरुण यादव, राजमति यादव, ओम पटेल, भरत कंवर, अंतराम प्रजापति, प्रदीप अग्रवाल, राजेन्द्र सिंह ठाकुर, हेमलाल प्रजापति सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं किसान उपस्थित रहे।
दादरखुर्द धान खरीदी केंद्र के निरीक्षण के दौरान किसानों ने तौल में गड़बड़ी, टोकन की कमी एवं धान खरीदी की लिमिट कम किए जाने की शिकायत की। नकटीखार निवासी किसान निर्मल सिंह कंवर ने बताया कि उनके पास 50 क्विंटल धान है, लेकिन उन्हें मात्र 12 क्विंटल धान बेचने के लिए ही टोकन दिया जा रहा है, जिससे वे भारी असमंजस में हैं।

पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने केंद्र के प्रबंधक जमाल खान से व्यवस्थाओं एवं तौल में हो रही गड़बड़ियों को लेकर जानकारी ली। किसानों ने बताया कि पर्याप्त मात्रा में धान नहीं खरीदा जा रहा है तथा कई किसानों का रकबा भी कम कर दिया गया है। इस पर केंद्र प्रबंधन ने उठाव कम होने के कारण धान खरीदी में दिक्कत होने की बात कही।
पूर्व मंत्री अग्रवाल ने खाद्य अधिकारी एस.के. कंवर से फोन पर चर्चा कर धान खरीदी व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल निर्देश देने से काम नहीं चलेगा, अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचकर व्यवस्था का निरीक्षण करें और गड़बड़ियों को तत्काल दूर करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मेहनत और खून-पसीना बहाकर फसल उगाने वाले किसानों के साथ किसी भी तरह का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और उन्हें शासन की योजनाओं का पूरा एवं न्यायसंगत लाभ मिलना चाहिए।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में किसानों का दाना-दाना धान खरीदा जाता था। वहीं पूर्व जिला अध्यक्ष नत्थूलाल यादव ने सरकार से धान खरीदी की लिमिट बढ़ाने की मांग की। नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहु ने कहा कि लिमिट कम होने से बड़े किसान धान नहीं बेच पा रहे हैं और गिरदावरी में छेड़छाड़ कर रकबा कम दिखाया जा रहा है।
दादरखुर्द के बाद पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने सुमेधा एवं नागिनभांठा धान खरीदी केंद्रों का भी निरीक्षण किया, जहां किसानों ने व्यवस्था को अपेक्षाकृत संतोषजनक बताया।
पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस लगातार संघर्ष करती रहेगी और शासन-प्रशासन को जवाबदेह बनाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
