जिला कांग्रेस कार्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की प्रथम पुण्यतिथि मनाई गई

26 Dec 2025 कोरबा: जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा के तत्वावधान में टी.पी. नगर स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी की प्रथम पुण्यतिथि आज 26 दिसम्बर को श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई।

कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. मनमोहन सिंह जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने से हुई। इसके पश्चात पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने उनके जीवन एवं व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह वर्ष 2004 से 2014 तक भारत के प्रधानमंत्री रहे। वे बहुमुखी प्रतिभा के धनी, दूरदर्शी चिंतक और उच्च कोटि के अर्थशास्त्री थे। मानवीय संवेदनाओं से परिपूर्ण डॉ. सिंह एक सादगीपूर्ण, ईमानदार एवं मानवतावादी नेता के रूप में सदैव स्मरण किए जाएंगे।

पूर्व मंत्री अग्रवाल ने आगे कहा कि विश्व स्तर पर भारत की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने वाले, देश को बुलंदियों के मार्ग पर ले जाने वाले पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का एक वर्ष पूर्व आज ही के दिन 92 वर्ष की आयु में निधन हुआ था, जो देश के लिए अपूरणीय क्षति है।

कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर, पूर्व जिला अध्यक्ष नत्थूलाल यादव, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहु, उप नेता प्रतिपक्ष डॉ. रामगोपाल कुर्रे, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष एवं पार्षद नारायण कुर्रे, पूर्व पार्षद पालूराम साहु, मनकराम साहु, प्रदीप जायसवाल, डॉ. रामगोपाल यादव, जिला कांग्रेस कोषाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिनिधि विनोद अग्रवाल, चंद्रकांत यादव एवं सुरेश कुमार अग्रवाल ने भी डॉ. मनमोहन सिंह के जीवन, कार्यों और योगदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेसजनों ने डॉ. मनमोहन सिंह के आदर्शों पर चलने का संकल्प लेते हुए उनके योगदान को सदैव स्मरणीय बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *