13 Jan 2026 कोरबा: युवा कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रभारी अमित सिंह पठानिया, प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा एवं कोरबा जिला प्रभारी पुष्पेन्द्र साहु ने टी.पी. नगर कोरबा स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, पीसीसी सचिव विकास सिंह एवं जिला कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ युवा कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक ली।
बैठक की शुरुआत अतिथियों के स्वागत में पुष्पगुच्छ भेंट कर की गई। इसके पश्चात पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि युवा कांग्रेस कांग्रेस पार्टी की रीढ़ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक विचारधारा है, जो गरीब, किसान, मजदूर, युवा, महिला और शोषित वर्ग के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है। यही वह विचार है जिसने देश को आज़ादी दिलाई, संविधान दिया और विकास के मार्ग पर अग्रसर किया।
सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत ने राज्य की विष्णु देव साय सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा जैसे बुनियादी क्षेत्रों में सरकार पूरी तरह असफल है। किसान धान बेचने के लिए, मजदूर मनरेगा में काम पाने के लिए भटक रहे हैं। कई परिवारों को भोजन के अधिकार के तहत मिलने वाला चावल नहीं मिल पा रहा है, वहीं अनेक महतारी बहनों को महतारी वंदन योजना का लाभ नहीं मिल रहा है।

पीसीसी सचिव विकास सिंह ने कांग्रेस संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कांग्रेस की विचारधारा के तहत अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ना आज की आवश्यकता है, ताकि विरोधी ताकतों का हर स्तर पर सामना किया जा सके।
प्रदेश प्रभारी अमित सिंह पठानिया ने कहा कि छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस आज एक मजबूत संगठन के रूप में खड़ी है। कार्यकर्ताओं की ऊर्जा, प्रतिबद्धता और जमीनी जुड़ाव इसकी सबसे बड़ी ताकत है। आने वाले समय में युवा कांग्रेस योजनाबद्ध रणनीति के साथ जनहित के मुद्दों पर आक्रामक और प्रभावी भूमिका निभाएगी तथा संगठनात्मक विस्तार से लेकर जनआंदोलनों तक निर्णायक उपस्थिति दर्ज कराएगी।
प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में सरकार हर स्तर पर विफल साबित हुई है। जनकल्याणकारी योजनाएं ठप हैं, बेरोज़गारी और महंगाई बढ़ रही है तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है। ऐसे हालात में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता जनता की आवाज़ बनकर सरकार की नाकामियों के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं।
जिला प्रभारी पुष्पेन्द्र साहु ने कहा कि जब-जब जनता के अधिकारों पर हमला होगा, युवा कांग्रेस उतनी ही मजबूती से आंदोलन कर सरकार को जवाब देने पर मजबूर करेगी।
जिला अध्यक्ष राकेश पंकज ने कहा कि कोरबा जिले में बड़े उद्योग, कारखाने, माइंस और पावर प्लांट मौजूद होने के बावजूद स्थानीय युवाओं को अपेक्षित रोज़गार नहीं मिल पा रहा है। युवाओं से जुड़े मुद्दे—रोज़गार, कौशल विकास, न्यायसंगत अवसर और सुरक्षा—युवा कांग्रेस की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं और इन पर लगातार संघर्ष जारी रहेगा।
बैठक में जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर सहित मनोज चौहान, कुसुम द्विवेदी, प्रभा तंवर, सुरेश सहगल, संतोष राठौर, दुष्यंत शर्मा, मनीष शर्मा, पालुराम साहु, कृपाराम साहु, प्रदीप जायसवाल, जवाहर निर्मलकर, सुरती कुलदीप, नारायण कुर्रे, रवि चंदेल, सुकसागर निर्मलकर, सुभाष राठौर, अनुज जायसवाल, शशि अग्रवाल, लक्ष्मी महंत, शांता मंडावे, ममता अग्रवाल, गणेश दास महंत, संगीता श्रीवास, शालु पनरिया, विवेक श्रीवास, पवन विश्वकर्मा, विक्की कुरैशी, संतोष ठाकुर, मनक साहु सहित सैकड़ों कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
