24 Jan 2026 कोरबा: कोरबा नगर निगम में भाजपा शासित परिषद के एक वर्ष पूरे होने पर कांग्रेस ने गंभीर आरोप लगाए हैं। नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष (शहर) व पार्षद मुकेश राठौर ने संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि नगर की जनता आज भी सड़क, नाली, पेयजल, स्ट्रीट लाइट और सफाई जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान है।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि बीते एक वर्ष में नगर निगम द्वारा कोई ठोस जनहितकारी विकास कार्य नहीं किया गया। इसके बजाय कांग्रेस शासनकाल में किए गए विकास कार्यों पर लीज, ठेके, मेंटेनेंस और संधारण के नाम पर जनता के पैसे की खुली लूट की जा रही है। उन्होंने कहा कि नगर निगम में भ्रष्टाचार अब संगठित रूप ले चुका है, जहां एक ही कार्य को पहले मेंटेनेंस के नाम पर कराया जाता है और बाद में उसी कार्य के लिए दोबारा टेंडर निकालकर चहेते ठेकेदारों को लाभ पहुंचाया जाता है।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा शासित परिषद कांग्रेस काल में विकसित सार्वजनिक संपत्तियों को निजी संचालन में देकर जनता की पहुंच से बाहर कर रही है। अप्पू गार्डन, आशोक वाटिका, गीतांजलि भवन, IDSMT हॉल, विवेकानंद परिसर सहित कई सार्वजनिक भवनों को लीज पर दिया जा चुका है। इसी तरह सर्कस मैदान पर कॉम्प्लेक्स निर्माण की तैयारी से शहर की एकमात्र खुली सार्वजनिक जगह पर भी खतरा मंडरा रहा है।
विकास कार्यों में राजनीतिक भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा गया कि भाजपा बहुल क्षेत्रों में दिखावटी काम हो रहे हैं, जबकि कांग्रेस पार्षदों वाले वार्डों की उपेक्षा की जा रही है। नल-जल योजना को लेकर भी कांग्रेस ने नाराजगी जताई और कहा कि जहां पहले 50 हजार नल कनेक्शन निशुल्क दिए गए थे, वहीं अब जनता से हजारों रुपये वसूले जा रहे हैं।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नगर निगम में घूसखोरी और भ्रष्टाचार चरम पर है तथा जनता के टैक्स के पैसों की सुनियोजित लूट की जा रही है।
