24 Feb 2026 कोरबा: पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता जय सिंह अग्रवाल ने राज्य सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे आम जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने में असफल बताया है। उन्होंने कहा कि बजट में किसानों, युवाओं, कर्मचारियों और मध्यम वर्ग के लिए कोई ठोस एवं प्रभावी प्रावधान नजर नहीं आता।
श्री अग्रवाल ने कहा कि सरकार ने बजट में बड़े-बड़े दावे तो किए हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर राहत देने वाले ठोस कदमों का अभाव स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। प्रदेश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक चुनौतियों के बीच सरकार को जनहितकारी योजनाओं पर विशेष प्राथमिकता देनी चाहिए थी, किंतु बजट में ऐसी कोई स्पष्ट दिशा नहीं दिखती।
उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों की आय बढ़ाने, युवाओं को स्थायी रोजगार उपलब्ध कराने तथा शहरी एवं ग्रामीण बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए पर्याप्त वित्तीय प्रावधान किए जाने चाहिए थे, जो इस बजट में नजर नहीं आते।
पूर्व मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि जिन वादों के आधार पर सरकार सत्ता में आई, उन वादों का भी बजट में समुचित उल्लेख नहीं है। उन्होंने कहा कि कुल मिलाकर यह बजट केवल जुमलों तक सीमित प्रतीत होता है और आम जनता को वास्तविक राहत देने में नाकाम साबित होगा।
