कोरबा के स्थानीय व अनुभवी ड्राइवरों को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग, पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने CMD SECL को लिखा पत्र

13 April 2026 कोरबा: छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कोरबा जिले के SECL अंतर्गत संचालित विभिन्न खदान क्षेत्रों में स्थानीय एवं अनुभवी ड्राइवरों को रोजगार में प्राथमिकता दिए जाने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक (CMD) को पत्र भेजा है।

अपने पत्र में अग्रवाल ने बताया कि कोरबा जिले के कुसमुंडा, गेवरा, मानिकपुर और दीपका सहित कई खदान क्षेत्रों में वर्तमान में निजी कंपनियों द्वारा खनन कार्य किया जा रहा है तथा भविष्य में अन्य कंपनियों के भी कार्य प्रारंभ होने की संभावना है। ऐसे में स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंघ, जिला कोरबा द्वारा प्रस्तुत आवेदन के अनुसार करीब 500 स्थानीय एवं अनुभवी वाहन चालक रोजगार की प्रतीक्षा कर रहे हैं। ये चालक वर्षों से खनन कार्य से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र की परिस्थितियों व कार्य प्रणाली का पर्याप्त अनुभव रखते हैं।

पूर्व मंत्री अग्रवाल ने CMD SECL से आग्रह किया है कि खनन कार्य में लगी नई और वर्तमान कंपनियों को निर्देशित किया जाए कि ड्राइवरों की नियुक्ति के दौरान स्थानीय एवं अनुभवी ड्राइवरों को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही SECL के अंतर्गत कोरबा जिले के सभी खदान क्षेत्रों के महाप्रबंधकों को भी इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं।

उन्होंने यह भी मांग की है कि नए ड्राइवरों की नियुक्ति के साथ-साथ पहले से कार्यरत अनुभवी ड्राइवरों को विभिन्न कंपनियों में समायोजित करने की सकारात्मक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि उनके परिवारों की आजीविका प्रभावित न हो।

अग्रवाल ने उम्मीद जताई है कि SECL प्रबंधन इस विषय को संवेदनशीलता के साथ लेते हुए शीघ्र आवश्यक कदम उठाएगा, जिससे स्थानीय युवाओं और वाहन चालकों को रोजगार के अवसर मिल सकें तथा क्षेत्र के आर्थिक सशक्तिकरण को भी बल मिले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *