कोरबा में साड़ी वितरण घोटाले को लेकर महिला कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, मंत्री का पुतला दहन

17 April 2026 कोरबा: महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष फुलोदेवी नेताम के निर्देश पर कोरबा में साड़ी वितरण में कथित गड़बड़ी के विरोध में महिला कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष कुसुम द्विवेदी और प्रभा तंवर के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस की शहर व ग्रामीण इकाई के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए।

ओपन थियेटर घंटाघर चौक स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष आयोजित प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने महिला एवं बाल विकास विभाग के मंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झूमाझटकी की स्थिति भी निर्मित हुई।

जिला अध्यक्ष कुसुम द्विवेदी ने आरोप लगाया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को वितरित साड़ियों की खरीदी में करीब 9 करोड़ रुपये का घोटाला और कमीशनखोरी हुई है। उन्होंने कहा कि कम गुणवत्ता की और निर्धारित माप से छोटी साड़ियां बांटी गई हैं, जिससे कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी है।

ग्रामीण अध्यक्ष प्रभा तंवर ने दोषी अधिकारियों और संबंधित मंत्री पर कार्रवाई की मांग करते हुए गुणवत्तापूर्ण साड़ियां उपलब्ध कराने की बात कही। वहीं जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने इसे प्रदेशभर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का अपमान बताते हुए सरकार से माफी और सुधार की मांग की।

जिला उपाध्यक्ष दुष्यंत शर्मा ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए महतारी वंदन योजना और अन्य योजनाओं में भी अनियमितताओं का मुद्दा उठाया। ब्लॉक प्रभारी राजेंद्र सिंह ठाकुर ने गैस सिलेंडर की कीमतों को लेकर भी सरकार को घेरा।

ब्लॉक अध्यक्ष पालुराम साहू ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

कार्यक्रम को कई अन्य कांग्रेस नेताओं ने भी संबोधित किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *