कोरबा में आर्ट ऑफ लिविंग के स्वामी का आगमन, पूर्व मंत्री ने लिया आशीर्वाद

25 April 2026 कोरबा: शहर में आध्यात्मिक माहौल उस समय और प्रगाढ़ हो गया जब आर्ट ऑफ लिविंग के स्वामी प्रमवानंद जी का आगमन हुआ। नेहरू नगर निवासी श्यामलाल अग्रवाल के निवास पर ठहरे स्वामी जी से मुलाकात करने पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल पहुँचे।

इस दौरान पूर्व मंत्री ने स्वामी जी को शाल भेंटकर सम्मानित किया, वहीं स्वामी प्रमवानंद जी ने उन्हें माला पहनाकर आशीर्वाद प्रदान किया। आत्मीय वातावरण में हुई इस भेंट के दौरान आध्यात्मिक चर्चा भी हुई।

स्वामी प्रमवानंद, आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन के प्रमुख सदस्यों में शामिल हैं, जिसकी स्थापना श्री श्री रविशंकर द्वारा की गई है। वर्तमान में वे कोरबा प्रवास पर हैं, जिससे श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

बताया जा रहा है कि स्वामी जी अपने साथ सोमनाथ ज्योतिर्लिंग से संबंधित प्राचीन शिवलिंग के कुछ अंश भी लेकर आए हैं। इन पवित्र अवशेषों को आम श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए कोरबा के घंटाघर चौक पर रखा गया है, जहाँ बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर दर्शन कर रहे हैं।

शिवलिंग के इन अंशों को लेकर विभिन्न मान्यताएँ प्रचलित हैं। मान्यता के अनुसार, प्राचीन काल में विदेशी आक्रमणों के दौरान खंडित हुए शिवलिंग के अवशेषों को भक्तों ने सुरक्षित स्थानों पर संरक्षित किया था, जिन्हें बाद में जोड़कर पुनः शिवलिंग का स्वरूप दिया गया।

स्वामी जी के आगमन से शहर में भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बना हुआ है। इस अवसर पर कोरबा के व्यवसायी राजकुमार अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *