जंगल-मद भूमि पर अवैध निर्माण, फर्जी पेड़-कटाई अनुमति और सार्वजनिक मार्ग अवरोधन का मामला गरमायापूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को भेजा विस्तृत पत्र, उच्चस्तरीय जांच की मांग
21 Nov कोरबा: BALCO के बहुचर्चित G-9 प्रोजेक्ट को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को भेजे गए एक विस्तृत पत्र में BALCO प्रबंधन पर कई गंभीर एवं आपराधिक प्रकृति के उल्लंघनों का आरोप लगाया है। पत्र में दावा किया गया है कि यह प्रोजेक्ट राजस्व, पर्यावरण, वन तथा नगर नियोजन से जुड़े कई महत्वपूर्ण कानूनों का खुला उल्लंघन कर संचालित किया जा रहा है। अग्रवाल ने इसे “कानून, पर्यावरण और नागरिक अधिकारों पर संगठित हमला” बताया है।
प्रमुख आरोप और खुलासे
- जंगल-मद भूमि पर अवैध निर्माण
खसरा नंबर 191/1 को BALCO ने सामान्य भूमि बताकर प्रस्तुत किया, जबकि राजस्व रिकॉर्ड में यह भूमि जंगल-मद दर्ज है। ऐसी भूमि पर निर्माण के लिए राज्य और केंद्र सरकार की अनिवार्य स्वीकृतियों की आवश्यकता थी, जिसे कथित रूप से छिपाया गया। - 440 पेड़ों की वास्तविक संख्या दबाकर फर्जी कटाई रिपोर्ट
स्थल निरीक्षण में लगभग 440 वृक्ष पाए गए, जबकि BALCO ने अपनी रिपोर्ट में केवल 172 पेड़ों का उल्लेख किया। इसे पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता संबंधी नियमों का गंभीर उल्लंघन बताया गया है। - एसडीएम द्वारा अनुमति निरस्त होने के बाद भी निर्माण जारी
03 जून 2025 को एसडीएम राजस्व द्वारा अनुमति निरस्त किए जाने के बावजूद BALCO ने निर्माण जारी रखा, नाला अवरुद्ध किया, सार्वजनिक मार्ग पर कब्जा बढ़ाया और बाउंड्रीवॉल निर्माण के लिए अतिक्रमण किया। इसे प्रशासनिक आदेश की सीधी अवमानना माना गया है। - अवैधताओं पर पर्दा डालने के लिए भूमिपूजन
17 नवंबर 2025 को उस प्रोजेक्ट का भूमिपूजन किया गया जिसकी भूमि जंगल-मद श्रेणी में आती है, जिसकी अनुमति निरस्त हो चुकी है और जिसकी पेड़-कटाई संख्या फर्जी बताई जा रही है। इसे जनता को गुमराह करने की कार्रवाई बताया गया है। - सार्वजनिक मार्ग का अवैध अवरोध
मिनीमाता चौक से इंदिरा मार्केट को जोड़ने वाले मुख्य रास्ते को BALCO द्वारा अवरुद्ध किए जाने का आरोप है। इससे व्यापारियों, विद्यार्थियों, यात्रियों और टाउनशिप निवासियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। - ड्रेनेज व सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा
जल निकासी मार्ग तथा सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण कर बाउंड्रीवॉल निर्माण किए जाने से जलभराव की समस्या और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान होने की बात कही गई है।




मुख्यमंत्री से की गई मांगें
पूर्व मंत्री ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि G-9 प्रोजेक्ट के सभी निर्माण कार्यों पर तत्काल रोक लगाई जाए, भूमि, पर्यावरण और स्वीकृतियों की उच्चस्तरीय विशेष जांच करवाई जाए, फर्जी दस्तावेजों और आदेश उल्लंघन के मामलों में BALCO प्रबंधन पर आपराधिक प्रकरण दर्ज किए जाएँ। साथ ही अवरुद्ध सार्वजनिक मार्ग को तुरंत खोला जाए और ड्रेनेज व भूमि को मूल स्थिति में बहाल किया जाए।
अग्रवाल ने कहा कि यह केवल अवैध निर्माण का मामला नहीं, बल्कि नागरिक अधिकारों और पर्यावरण के संरक्षण को चुनौती देने वाला गंभीर मामला है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री इस पूरे प्रकरण पर कठोर और शीघ्र निर्णय लेंगे।
