13 Feb 2026 कोरबा/दिल्ली: दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में छत्तीसगढ़ प्रदेश के सभी नव नियुक्त जिला अध्यक्षों के लिए एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में कोरबा जिले के शहर अध्यक्ष मुकेश राठौर एवं ग्रामीण अध्यक्ष मनोज चौहान ने भी भाग लिया।
शहर अध्यक्ष मुकेश राठौर ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान संगठनात्मक कार्यप्रणाली को लेकर विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया। साथ ही जल्द ही 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने की जानकारी दी गई, जिसके बाद जिला अध्यक्षों के कामकाज की निगरानी सीधे दिल्ली स्तर से की जाएगी।

वहीं ग्रामीण अध्यक्ष मनोज चौहान ने बताया कि प्रत्येक 3 माह में जिला, ब्लॉक, मंडल, वार्ड एवं बूथ स्तर पर किए गए कार्यक्रम, प्रदर्शन और गतिविधियों की रिपोर्ट अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करनी होगी। संगठन को मजबूत बनाने के लिए कार्यशाला में विशेष सत्र भी रखे गए।
कार्यक्रम को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी तथा के.सी. वेणुगोपाल ने संबोधित किया। इस दौरान राहुल गांधी ने जिला अध्यक्षों से वन-टू-वन चर्चा भी की।
प्रशिक्षण शिविर में प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत एवं प्रदेश सह-प्रभारी जरिता लैतफ्लांग भी दिल्ली में उपस्थित रहे।
