महाशिवरात्रि पर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने किए भोलेनाथ के दर्शन, शिव बारात में शामिल होकर दिया आस्था व एकता का संदेश

16 Feb 2026 कोरबा: महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने शहर के विभिन्न स्थानों पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता कर भगवान भोलेनाथ की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की। पूरे दिन शहर में धार्मिक आस्था और उत्साह का वातावरण बना रहा, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव की आराधना में लीन दिखाई दिए।

इस अवसर पर श्री अग्रवाल ने नेहरू नगर मुक्तिधाम एवं बालको स्थित शिव मंदिर में पहुंचकर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर प्रदेश एवं क्षेत्र की खुशहाली, शांति और उन्नति की प्रार्थना की। इसके पश्चात उन्होंने शिव बारात यात्रा का ध्वज लेकर यात्रा का शुभारंभ किया और श्रद्धालु भक्तजनों के साथ पूरे भक्ति भाव से बारात में सम्मिलित हुए। यात्रा मार्ग में श्रद्धालुओं ने उनका स्वागत किया तथा “हर-हर महादेव” के जयघोष से वातावरण गुंजायमान रहा।

उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान भोलेनाथ की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि का वास हो। यह पर्व भारतीय संस्कृति की आध्यात्मिक परंपरा का प्रतीक है, जो समाज को सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है।

इसके साथ ही उन्होंने शहर के विभिन्न क्षेत्रों—सुरक्षा विभाग बैरक (बालको), बिही बाड़ी परसाभांठा, पुरानी बस्ती कोरबा (केन कॉलेज के पीछे स्थित शिव मंदिर) तथा दुरपा रोड स्थित काली मंदिर—में आयोजित भव्य शिव बारात यात्रा एवं पूजन-अर्चन कार्यक्रमों में भी भाग लिया। प्रत्येक स्थान पर उन्होंने श्रद्धालु भक्तों के साथ भगवान शिव का पूजन कर क्षेत्र की उन्नति, शांति एवं समृद्धि की प्रार्थना की और आयोजन समितियों की सराहना की।

श्री अग्रवाल ने कहा कि महाशिवरात्रि का पर्व आस्था, संयम और सेवा का संदेश देता है। यह पर्व समाज में एकता, सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करता है तथा आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करता है। उन्होंने युवाओं से भारतीय संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने का आह्वान भी किया।

महाशिवरात्रि के अवसर पर शहर के मंदिरों में सुबह से देर रात तक पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन एवं शिव बारात यात्रा का आयोजन हुआ, जिसमें महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से सहभागिता निभाई और पूरा शहर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *