13 April 2026 कोरबा: कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से बालको ब्लॉक में संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में बालको ब्लॉक के संगठन प्रभारी आनंद पालीवाल एवं रवि सिंह चंदेल ने मंडल कमेटी, वार्ड कमेटी और बूथ कमेटी के गठन को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की।
बालको में आयोजित इस बैठक में वार्ड क्रमांक 38 से 47 तक के कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक का आयोजन ब्लॉक अध्यक्ष ए.डी. जोशी, मंडल अध्यक्ष देवीदयाल सोनी और बुद्धेश्वर चौहान की अगुवाई में किया गया। बैठक में जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश कुमार राठौर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष मुकेश राठौर ने ब्लॉक एवं मंडल अध्यक्षों को मार्गदर्शन देते हुए कहा कि संगठन को नए सिरे से सक्रिय करना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नवनियुक्त ब्लॉक और मंडल अध्यक्षों में अधिकांश युवा चेहरे हैं, जिससे पार्टी में नई ऊर्जा और जोशिला नेतृत्व सामने आया है। कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में इसे लेकर उत्साह भी देखने को मिल रहा है।
ब्लॉक अध्यक्ष ए.डी. जोशी ने अपने उद्बोधन में कहा कि कांग्रेस संगठन की मजबूती में कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है और मंडल, वार्ड एवं बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यकर्ताओं को आगे लाना होगा जो हर परिस्थिति में कांग्रेस की विचारधारा के साथ खड़े रहे हैं।
बालको ब्लॉक कमेटी के प्रभारी आनंद पालीवाल ने मंडल अध्यक्षों को मार्गदर्शन देते हुए कहा कि मंडल, वार्ड और बूथ कमेटी का गठन इस प्रकार किया जाए जिससे कांग्रेस विचारधारा, कार्यकर्ताओं के सम्मान और स्वाभिमान को बनाए रखा जा सके। वहीं ब्लॉक प्रभारी पार्षद रवि चंदेल ने कमेटियों के गठन को लेकर दिशा-निर्देश देते हुए सुझाव आमंत्रित किए और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर कांग्रेस को जन-जन की आवाज बनाने का आह्वान किया।
मंडल अध्यक्ष देवीदयाल सोनी और बुद्धेश्वर चौहान ने कहा कि कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि एक विचारधारा है, जो गरीब और शोषित वर्ग के हक के लिए आवाज उठाती है। यह वही विचारधारा है जिसने देश को आजादी दिलाई, संविधान दिया और विकास की राह दिखाई।
बैठक में अनुसूचित जाति विभाग की महिला अध्यक्ष पुष्पा पात्रे, पार्षद बद्री किरण, जिला उपाध्यक्ष व पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष दुष्यंत शर्मा, आईटी सेल लोकसभा अध्यक्ष पीयूष पांडेय, ब्लॉक उपाध्यक्ष आर.के. नामदेव, ब्लॉक सचिव दाताराम आदित्य, महिला कांग्रेस उपाध्यक्ष शशिलता पांडेय, प्रेरणा कैवर्त, काजल चौहान, साबिदा खान, जगन्नाथ थवाईत, रेशम दास मानिकपुरी, मुख्तार अली, बाबूलाल दिवान, परमेश्वर श्रीवास, मोहित दास, निसरत बानो, संजीव शर्मा, दुर्गा सिंह, सुधा गुप्ता, मुन्ना खान, मोहम्मद यासीन सहित बालको क्षेत्र के कई कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
