03 Oct 2025 कोरबा: गांधी चौक स्थित गांधी प्रतिमा, कोसाबाड़ी चौक स्थित शास्त्री प्रतिमा एवं जिला कांग्रेस कार्यालय कोरबा में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उपस्थित होकर दोनों महापुरुषों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में शामिल पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि मोहनदास करमचंद गांधी वह नाम हैं जिन्हें पूरी दुनिया उनके दृढ़ निश्चय, सत्य के प्रति अटलता और अहिंसा के मार्ग पर चलकर विजय पाने के लिए याद करती है। औसत विद्यार्थी होने के बावजूद उन्होंने ब्रिटिश शासन को झुकने पर विवश किया। उनका जीवन और शिक्षाएं आज भी नई पीढ़ी, विशेषकर विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
उन्होंने आगे कहा कि लाल बहादुर शास्त्री ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान “मरो नहीं मारो” का नारा दिया, जिसने देश में स्वतंत्रता की ज्वाला प्रज्वलित कर दी। शास्त्री जी गांधीवादी नेता थे और उन्होंने अपना सम्पूर्ण जीवन गरीबों व देश की सेवा में समर्पित किया।
पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद ने कहा कि महात्मा गांधी का व्यक्तित्व नैतिक प्रभाव और अहिंसा की अनूठी तकनीक से परिपूर्ण था। यह मानवता के लिए उनका अविनाशी उपहार है। वहीं शास्त्री जी बचपन से ही राष्ट्र के लिए कार्य करने को आतुर थे और गांधीजी के विचारों से गहराई से प्रभावित थे।

जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष मनोज चौहान ने गांधीजी को स्वतंत्रता संग्राम का अग्रणी और सत्याग्रह के प्रणेता बताया। उन्होंने कहा कि गांधीजी की अवधारणा सम्पूर्ण अहिंसा पर आधारित थी, जिसने न केवल भारत बल्कि पूरे विश्व को नागरिक अधिकारों और स्वतंत्रता के लिए प्रेरित किया।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष नत्थूलाल यादव ने कहा कि गांधीजी किसी भौगोलिक सीमा या जाति-सम्प्रदाय तक सीमित नहीं थे। वे युगपुरुष थे, जिन्होंने सत्य और अहिंसा को आत्मसात कर समग्र मानवता और सर्वोदय के लिए कार्य किया।
कार्यक्रम में पूर्व सभापति श्याम सुंदर सोनी, पूर्व अध्यक्ष सपना चौहान, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू, पार्षद मुकेश राठौर, नारायण कुर्रे, विनोद अग्रवाल, गजानंद साहू, लक्ष्मीनारायण देवांगन, दुष्यंत शर्मा, संतोष राठौर, मनीष शर्मा, अविनाश बंजारे, जवाहर निर्मलकर, ए डी जोशी, राजेन्द्र सिंह ठाकुर, संजू अग्रवाल, पुष्पा पात्रे, सीमा कुर्रे, रवि खुंटे, लक्ष्मी महंत, माधुरी ध्रुव, श्याम बाई, ज्योति दास दीवान, कुंजबिहारी साहू, छत्रपाल सिंह कुर्रे, कु.शांता मंडावे, पंचराम निराला, रमेश वर्मा, बनावारी पाहुजा, बच्चु लाल मखवानी, डॉ.रामगोपाल यादव, गोपाल यादव, सुशील नेताम, रज्जाक खान, मनमोहन यादव, रतन दास, सुरेश कुमार अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे और दोनों महापुरुषों को नमन किया।